ईशान किशन का फॉर्म बरकरार, रणजी ट्रॉफी में केरल के खिलाफ जड़ दिया शानदार शतक
ईशान किशन ने रणजी ट्रॉफी के एक मैच में झारखंड के लिए खेलते हुए शतक लगाया है। कुछ दिन पहले ही उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ आखिरी वनडे में दोहरा शतक लगाया था। वहां उन्होंंने 210 रनों की पारी खेली थी।

Ishan Kishan century in Ranjy Trophy हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ आखिरी वनडे में डबल सेंचुरी लगाने वाले युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन का शानदार फॉर्म जारी है। अपने उसी फॉर्म को जारी रखते हुए ईशान किशन ने गुरुवार को रणजी ट्रॉफी के एक मुकाबले में झारखंड के लिए खेलते हुए केरल के खिलाफ शानदार शतक जड़ दिया। रांची में हुए ग्रुप सी के इस मैच में ईशान किशन ने 195 गेंदों में 9 चौके और 8 छक्कों की मदद से 132 रन की पारी खेली। ईशान की इस पारी की बदौलत झारखंड की टीम पहली पारी में 340 तक पहुंच पाई।
ईशान और सौरभ के बीच 202 रनों की साझेदारी
आपको बता दें कि केरल ने पहली पारी में 475 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था, जिसके जवाब में झारखंड की पारी लड़खड़ा गई और एक समय झारखंड के 114 पर ही 4 विकेट गिर गए थे, लेकिन ईशान ने सौरभ तिवारी के साथ मिलकर अहम साझेदारी की। दोनों के बीच पांचवे विकेट के लिए 202 रनों की साझेदारी हुई। हालांकि इस साझेदारी में सौरभ तिवारी शतक बनाने से चूक गए और वो 97 रन पर आउट हो गए। सौरभ ने अपनी पारी में 8 चौके लगाए। दिन का खेल खत्म होने तक केरल ने दूसरी पारी में 1 विकेट खोकर 60 रन बना लिए हैं और उसकी कुल बढ़त 195 की हो गई है।
ईशान का छठा फर्स्ट क्लास शतक
आपको बता दें कि ईशान किशन ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में यह अपना छठा शतक जड़ा है। इस पारी से पहले उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 46 मैचों की 78 पारियों में 38 की औसत से 2805 रन बनाए हैं। इस दौरान 273 उनका सर्वोच्च स्कोर है।
बांग्लादेश के खिलाफ लगाया था सबसे तेज दोहरा शतक
ईशान ने हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे वनडे में टीम इंडिया की ओर से खेलते हुए अपने करियर का पहला शतक जड़ा था, जिसे उन्होंने बाद में दोहरे शतक में तब्दील कर दिया था। ईशान ने उस मैच में 131 गेंदों में 210 रन की पारी खेलकर सबसे तेज डबल सेंचुरी मारने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया था। इस पारी में उन्होंने 24 चौके और 10 छक्के लगाए थे।












Click it and Unblock the Notifications