ईशान किशन-श्रेयस अय्यर की BCCI के वार्षिक अनुबंध से छुट्टी, कई नए चेहरे शामिल, देखें खिलाड़ियों की पूरी लिस्ट
BCCI Central Contract: बीसीसीआई ने साल 2023-24 के लिए केन्द्रीय अनुबंध की घोषणा कर दी है। इस अनुबंध में चार कैटेगरी में खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। कुछ फेरबदल भी देखने को मिले हैं। दो खिलाड़ी ऐसे भी रहे हैं जिनको इस अनुबंध में जगह नहीं मिली है।
ग्रेड A+ में शामिल चारों खिलाड़ियों की जगह बरकरार रखी गई है। इसमें किसी तरह की कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है। बाकी कैटेगरी में बदलाव किया गया है। कुछ खिलाड़ियों का प्रमोशन भी देखने को मिला है दो खिलाड़ियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।

पिछले कुछ समय से आईपीएल की तैयारी में जुड़े ईशान किशन को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। उनके अलावा श्रेयस अय्यर के साथ भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला है। दोनों खिलाड़ियों के ऊपर गाज़ गिरना तय मानी जा रही थी।
ग्रेड A+
रोहित शर्मा, विराट कोहली, जस्र्प्रीत बुमराह, रविन्द्र जडेजा
ग्रेड A
आर अश्विन, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, केएल राहुल, शुभमन गिल और हार्दिक पांड्या
ग्रेड B
सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पन्त, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, यशस्वी जायसवाल
ग्रेड C
रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, रुतुराज गायकवाड़, शार्दुल ठाकुर, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, जितेश शर्मा, वाशिंगटन सुंदर, मुकेश कुमार, संजू सैमसन, अर्शदीप सिंह, केएस भरत, प्रसिद्ध कृष्णा, अवेश खान और रजत पाटीदार।
ग्रेड A से ऋषभ पन्त और अक्षर पटेल को नीचे भेज दिया गया है। यहाँ मोहम्मद सिराज, केएल राहुल और शुभमन गिल को शामिल किया गया है। ग्रेड B से चेतेश्वर पुजारा को बाहर करते हुए किसी भी कैटेगरी में शामिल नहीं किया गया है। इसका मतलब है कि अब उनका करियर समाप्त है। यशस्वी जायसवाल को सीधा ग्रेड B में लाया गया है, यह बड़ी बात है।
अंतिम ग्रेड में भारी बदलाव देखने को मिला है। उमेश यादव, शिखर धवन, दीपक हूडा, इशान किशन को बाहर किया गया है। रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, गायकवाड़, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, जितेश शर्मा, मुकेश कुमार, प्रसिद्ध कृष्णा, आवेश खान और रजत पाटीदार नए नाम हैं।
बीसीसीआई ने यह भी कहा है कि जो खिलाड़ी अनुबंध की अवधि में 3 टेस्ट, 8 वनडे या 10टी खेलने का मानदंड पूरा कर लेंगे, उनको स्वतः आनुपातिक आधार पर ग्रेड C में शामिल कर लिया जाएगा। इसका मतलब है कि इस लिस्ट में और नए नाम शामिल हो सकते हैं।
चयन समिति ने आकाश दीप, विजयकुमार वैश्यक, उमरान मलिक, यश दयाल और विदवथ कावेरप्पा आदि के लिए फ़ास्ट बॉलिंग अनुबंध की सिफारिश भी की है।
गौरतलब है कि A+ में शामिल खिलाड़ियों को 7 करोड़ रुपये वार्षिक मिलते हैं। ग्रेड A में 5 करोड़ और B में 3 करोड़ रुपये सालाना मिलते हैं। अंतिम कैटेगरी C के लिए 1 करोड़ का भुगतान किया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications