कभी ऑटो रिक्शा चलाकर करता था गुजारा, दिग्गज ने इस खिलाड़ी को बनाया हीरा, अब गेंद से बरपा रहा कहर
Irani Cup 2024 Story of Juned Khan: मुंबई की क्रिकेट टीम ने 27 साल के लंबे अंतराल के बाद ईरानी कप के खिताब को अपने नाम किया। फाइनल मैच में रेस्ट ऑफ इंडिया को हराकर मुंबई ने एक यादगार जीत दर्ज की। साल 2024 के ईरानी कप में यह जीत मुंबई की 15वीं जीत है, जिसने घरेलू क्रिकेट में टीम के दबदबे को एक बार फिर से बनाने का काम किया।
मोहम्मद जुनैद खान ने खींचा फैंस का ध्यान
मुंबई की इस जीत में एक युवा तेज गेंदबाज का अहम रोल रहा है। मोहम्मद जुनैद खान ने दमदार गेंदबाजी से फैंस का ध्यान अपनी ओर खींचने का काम किया। मुंबई की तरफ से खेलते हुए ईरानी कप में मोहम्मद जुनैद खान ने डेब्यू किया। मोहम्मद जुनैद खान ने क्रिकेट में अपना करियर बनाने की ख्वाहिशों के साथ कन्नौज से मुंबई आए थे। लेकिन शुरुआती दिनों में उन्हें मुंबई में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा।

मजबूरी में शुरू किया ऑटो चलाने का काम
शुरुआत में ही उन्हें कई तरह के संघर्षों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद भी उन्होंने तेज गेंदबाज बनने के अपने सपने को पीछे नहीं छोड़ा। हिंदू की एक रिपोर्ट के मुताबिक खुद का खर्च चलाने के लिए मोहम्मद जुनैद खान को ऑटो रिक्शा चलाना पड़ा, यह एक ऐसा काम था जिसे उन्होंने नाबालिग होने के बावजूद मजबूरी में शुरू किया था।
संजीवनी क्रिकेट अकादमी में लिया हिस्सा
मुश्किलों के इस दौर में जुनैद खान की किस्मत ने करवट बदली। वह संजीवनी क्रिकेट अकादमी पहुंचे, जो मुंबई के पूर्व विकेटकीपर मनीष बंगेरा द्वारा संचालित किया जाता है। जुनैद ने अकादमी में अपनी किस्मत आजमाने का फैसला किया। मनीष बंगेरा उनकी गेंदबाजी से खासा प्रभावित नजर आए। भारत के सहायक कोच अभिषेक नायर ने इसके बाद जुनैद खान को आगे बढ़ाने में मदद की।
अभिषेक नायर ने बदली किस्मत
जब जुनैद खान पर नायर की नजर पड़ी, उस समय वह कोलकाता नाइट राइडर्स के सहायक कोच थे। द हिंदू के साथ एक इंटरव्यू में जुनैद खान ने बताया कि अभिषेक नायर ने मेरी बहुत मदद की। आज मैं जो कुछ भी हूं, उनकी वजह से हूं। अगर वह नहीं होते, तो मैं आज जिस मुकाम पर हूं, वहां नहीं पहुंच पाता। उन्होंने ही मुझे ऑटोरिक्शा चलाना बंद करने और अपना सारा समय क्रिकेट को समर्पित करने के लिए कहा था। उन्होंने मुझे पिछले आईपीएल सीज़न के लिए केकेआर का नेट बॉलर बनाया।












Click it and Unblock the Notifications