IPL में बीच में छोड़ भागने वाले विदेशी खिलाड़ियों पर होगा एक्शन? जानिए क्या करने की तैयारी
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) फ्रेंचाइजी के बीच होने वाली आगामी बैठक में विदेशी खिलाड़ियों द्वारा अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा न करने का मुद्दा अहम मुद्दा बनने वाला है। नीलामी में खरीदे जाने के बाद भागने वालों का मुद्दा अहम है।
जेसन रॉय, एलेक्स हेल्स और वनिंदु हसारंगा जैसे खिलाड़ियों ने कम बोली लगने पर आईपीएल छोड़ दिया था। अक्सर चोट की बात कहते हुए खिलाड़ी टीम छोड़ देते हैं। इससे टीमों की योजनाओं में भी बाधा आती है। इन सभी चिंताओं को दूर करने और खिलाड़ियों की प्रतिबद्धता सुनिश्चित करने के लिए मीटिंग में बात होगी।

हाल ही में टीमों के अधिकारीयों ने बोर्ड के सीईओ से मिलकर इस मामले को उठाया और कहा कि बिना वैध कारण टीम छोड़कर जाने वालों के ऊपर कार्रवाई करनी चाहिए। कुछ टीमों ने ऐसे खिलाड़ियों के ऊपर प्रतिबंध लगाने की मांग तक कर डाली। अचानक टीम छोड़ने से योजनाओं पर काफी असर पड़ता है।
इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने पिछले आईपीएल प्ले-ऑफ से ठीक पहले अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए खिलाड़ियों को वापस बुलाया था। इस निर्णय के कारण टीमें महत्वपूर्ण नॉकआउट मैचों के दौरान प्रमुख इंग्लिश खिलाड़ियों के बिना रह गईं। इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने इस निर्णय पर अपनी नाराजगी व्यक्त की थी, उन्होंने सुझाव दिया कि आईपीएल के दौरान कोई द्विपक्षीय मैच आयोजित नहीं किया जाना चाहिए।
टीमों ने एक और मुद्दे की तरफ अध्यान आकर्षित कराया है। इसमें कहा गया कि कुछ खिलाड़ी मेगा नीलामी में भाग नहीं लेते हैं। इसके बाद अगले साल होने वाली मिनी नीलामी में आकर वे बड़ी रकम हासिल करते हैं। इस मामले को भी हल किया जाना चाहिए।
गौरतलब है कि इस बार आईपीएल में मेगा नीलामी होनी है, इसमें टीमों का पर्स भी बड़ा होने की उम्मीद है। कुछ टीमों के दिग्गज खिलाड़ी भी इधर से उधर होंगे। अगर ये बड़े नाम नीलामी में आते हैं, तो उनके ऊपर लगने वाली बोली भी देखने लायक रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications