'हार चुननी हो, तो धोनी से ही हारना पसंद करता', IPL 2023 फाइनल गंवाने के बाद हार्दिक ने माही को बताया 'बेस्ट'
IPL 2023 Final: आईपीएल 2023 का फाइनल हारने के बाद हार्दिक पांड्या ने कहा है कि अगर उन्हें हार चुननी हो तो वह धोनी के खिलाफ हारना चाहेंगे।

IPL 2023 Final Hardik Pandya: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की टीम ने आईपीएल में पांचवीं बार खिताब हासिल करके लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने का गुजरात टाइटंस (GT) का सपना तोड़ दिया। वैसे भी आईपीएल इतिहास में कोई भी टीम अभी तक ऐसा नहीं कर पाई थी कि पहली बार में आईपीएल जीत ले और अगली बार भी चैंपियन बन जाए।
29 मई की रात गुजरात टाइटंस को मायूसी लगी तो वही चेन्नई सुपर किंग्स और महेंद्र सिंह धोनी (Dhoni) को बारिश भी नहीं रोक पाई। सीएसके की टीम ने रिकॉर्ड पांचवी बार आईपीएल का यह खिताब कब्जाया है। इस मैच में गुजरात टाइटंस ने पहले बैटिंग की क्योंकि धोनी ने टॉस जीतने के बाद गेंदबाजी करने का फैसला किया।
गुजरात की टीम ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 214 रन बनाए। इसके जवाब में चेन्नई की टीम बारिश से प्रभावित हुए मुकाबले में 15 ओवर का मैच खेलने उतरी और लक्ष्य को 15 ओवर में ही पूरा किया।
आईपीएल का फाइनल उन खिलाड़ियों के लिए बहुत बड़ा भावुक पल होता है जो अपना आखिरी सीजन खेल रहे हो और धोनी को लेकर पिछले 1 या 2 सीजन से इस तरह की बातें लगातार होती हैं। धोनी की आंखों में कल आंसू भी थे। लेकिन उनको जीत मिली है और शायद वे अगले सीजन में फैंस को गिफ्ट देने के लिए फिर से वापस आना भी चाहेंगे।
इसी बीच हार्दिक पांड्या ने धोनी पर खुशी जताई है। हार्दिक मायूस कप्तान हैं लेकिन उनका कहना है कि वह बहुत दिल से खेले और उन्हें अपनी टीम के ऊपर बहुत गर्व है।
हार्दिक ने मैच के बाद कहा, "हमारा मंत्र है, हम एक साथ खेलेंगे एक साथ हारेंगे। मैं कोई बहाना नहीं लगाना चाहता, चेन्नई सुपर किंग्स ने बढ़िया क्रिकेट खेला है। साई सुदर्शन ने अच्छी बल्लेबाजी की और इस लेवल पर खेलना आसान नहीं होता। हम इन खिलाड़ियों को बैक करना जारी रखेंगे और उनसे बेस्ट निकालने के तरीके ढूंढते रहेंगे। मोहित, राशिद, शमी और सभी खिलाड़ी ने जिस तरह से प्रदर्शन किया वह सराहनीय है।"
हार्दिक ने महेंद्र सिंह धोनी पर कहा, "लेकिन आज की सफलता सीएसके की सफलता है। मैं धोनी के लिए बहुत ही खुश हूं। किस्मत ने उनके लिए यही लिखा था। अगर मुझे हार चुननी हो तो मैं धोनी के खिलाफ ही हारना चाहूंगा। अच्छे लोगों के साथ अच्छी-अच्छी चीजें होती है और वह सबसे अच्छे लोगों में से एक हैं। भगवान मेरे लिए भी काफी मेहरबान रहा है लेकिन आज की रात धोनी की थी।"
हार्दिक ने इस हार के बाद ट्वीट किया- हम डटकर खड़े रहे। इस टीम पर गर्व है।












Click it and Unblock the Notifications