IPL Final: धोनी ने आईपीएल ट्रॉफी जडेजा-रायडू को थमाई, सोशल मीडिया पर लोगों ने 'थाला' को किया सलाम
IPL Final: आईपीएल का खिताब जीतने के बाद जिस तरह से महेंद्र सिंह धोनी ने ट्रॉफी को अंबाती रायडू और रवींद्र जडेजा को सौंपा उसके बाद उनकी तारीफ हो रही है। सोशल मीडिया पर लोग धोनी को महान कह रहे हैं।

IPL Final: मैदान के भीतर और मैदान के बाहर महेंद्र सिंह धोनी अपने बर्ताव से हर किसी का दिल जीतते हैं। गुजरात टाइटंस के खिलाफ फाइनल मुकाबले में जिस तरह से रोमांचक मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने पांचवी बार आईपीएल की ट्रॉफी अपने नाम की उसके बाद महेंद्र सिंह धोनी ने एक बार फिर से अपनी कप्तानी का लोहा मनवाया है।
यह आईपीएल कई मायनों में खास था, एक तरफ जहां फाइनल मुकाबले से पहले अंबाती रायडू ने संन्यास का ऐलान कर दिया था तो दूसरी तरफ कयास लगाए जा रहे थे कि धोनी का यह आखिरी आईपीएल होगा।
अपने आखिरी मैच में अंबाती रायडू ने यादगार पारी खेलते हुए सीएसके की जीत में अहम भूमिका निभाई। वहीं रवींद्र जडेजा ने आखिरी की दो गेंद पर 10 रन बनाकर सीएसके को जीत दिलाई।
जमकर हो रही धोनी की तारीफ
मैच में चेन्नई सुपर किंग्स की जीत के बाद धोनी ने आईपीएल ट्रॉफी को अंबाती रायडू और रवींद्र जडेजा के हाथ में थमा दी। धोनी ने जिस तरह से दोनों खिलाड़ियों को आईपीएल की ट्रॉफी थमाई उसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी जमकर तारीफ हो रही है।
रायडू-जडेजा को किया आगे
दरअसल जीत के बाद जब बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी और बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने ट्रॉफी देने के लिए धोनी को बुलाया तो धोनी ने ट्रॉफी को थामने के लिए अंबाती रायडू और रवींद्र जडेजा को थमा दिया और खुद पीछे हट गए।
धोनी को बताया विनम्र
जिस तरह से धोनी ने खुद को पीछे किया और रायडू व जडेजा को आगे बढ़ाया उसकी सोशल मीडिया पर तारीफ करते हुए एक यूजर ने लिखा आखिर धोनी कितने विनम्र हैं। दूसरे यूजर ने लिखा, शायद यह आखिरी आईपीएल हो धोनी का, लेकिन उन्होंने खुद यह ट्रॉफी नहीं उठाई, उन्होंने इसके लिए रायडू और जडेजा को चुना। क्योंकि रायडू रिटायर हो रहे हैं और जडेजा टीम के अहम खिलाड़ी हैं, माही को सलाम।
धोनी महान
एक अन्य यूजर ने लिखा हम आपके इस भाव के लिए आपके सामने सिर झुकाते हैं। दूसरे यूजर ने लिखा बहुत आक्रामक तरीके से जीत का जश्न नहीं मनाना दिखाता है कि धोनी विपक्ष का कितना सम्मान करते हैं। धोनी महान हैं।












Click it and Unblock the Notifications