चेन्नई सुपरकिंग्स से निकाले गए खिलाड़ी ने महेंद्र सिंह धोनी को लेकर किया बड़ा खुलासा
नारायण जगदीशन पहले चेन्नई सुपरकिंग्स में थे लेकिन अब केकेआर में चले गए हैं। उन्होंने चेन्नई के साथ हुए अनुभवों का जिक्र किया है।

N Jagadeesan on MS Dhoni: आईपीएल नीलामी में नारायण जगदीशन पर बड़ी बोली लगने के आसार थे लेकिन ऐसा नहीं हुआ लेकिन केकेआर ने उनको अपने साथ शामिल कर लिया। पिछले सीजन चेन्नई सुपरकिंग्स में रहने वाला यह खिलाड़ी घरेलू क्रिकेट में काफी शानदार रहा है। जगदीशन ने विजय हजारे ट्रॉफी में 277 रनों की पारी खेल तहलका मचाया था। उन्होंने चेन्नई के साथ अपने अनुभव को साझा करते हुए महेंद्र सिंह धोनी से मिले टिप्स का जिक्र किया है।
रेडिफ से बातचीत करते हुए जगदीशन ने धोनी के बारे में कहा कि जब मैं सीएसके में था तब उन्होंने मुझे काफी सलाह दी थी। मेरी समस्या मैं उनके पास लेकर जाता था। वह मुझे विकेटकीपिंग और बल्लेबाजी के बारे में तकनीकी टिप्स देते थे। उन्होंने खेल के तकनीकी पहलुओं के बारे में भी बताया था।
जब जगदीशन से पूछा गया कि चेन्नई सुपरकिंग्स ने उनको क्यों जाने दिया? उन्होंने कुछ भी बोलने से मना कर दिया। जगदीशन ने सिर्फ इतना ही कहा कि यह सवाल आपको चेन्नई टीम मैनेजमेंट से करना चाहिए। मैं अपने गेम पर फोकस कर रहा हूँ और इसमें सुधार करने की तरफ ध्यान दे रहा हूँ।
घरेलू सर्किट में दोहरा शतक जड़ने के बारे में उन्होंने कहा कि मैंने वनडे में सकारात्मक अप्रोच के साथ जाने का निर्णय लिया। टी20 टूर्नामेंट थोड़ा कम स्कोर वाला रहा था। उस समय पिचें भी काफी धीमी थीं। मैंने हर बार एक जैसी बल्लेबाजी करने का प्रयास किया है।
गौरतलब है कि जगदीशन को आईपीएल में ज्यादा खेलने का मौका नहीं मिला है। इस समय वह बेहतरीन फॉर्म में हैं और केकेआर टीम उनका फायदा उठाने का प्रयास करेगी। केकेआर ने उनको 90 लाख रूपये में खरीदा है। जगदीशन ने 2 आईपीएल मैचों में 40 रन बनाए हैं। पिछले सीजन चेन्नई सुपरकिंग्स का हिस्सा रहे नारायण जगदीशन को रिलीज किया गया था। देखना होगा कि केकेआर में उनको कितने मौके मिलते हैं।












Click it and Unblock the Notifications