IPL 2027: दादा-युवराज की नजर इन 6 खिलाड़ियों पर! क्यों दिल्ली कैपिटल्स से किए जा सकते हैं बाहर?
आईपीएल में सिर्फ बड़े खिलाड़ियों को खरीदना ही टीम बनाने की रणनीति नहीं होती, बल्कि सही खिलाड़ियों को रोकना और जरूरत के मुताबिक बदलाव करना भी उतना ही अहम है। दिल्ली कैपिटल्स के सामने अब इसी तरह की चुनौती है। आईपीएल 2027 से पहले टीम के छह खिलाड़ियों के भविष्य पर सवाल उठ रहे हैं।
इनमें एक ऐसा खिलाड़ी भी है, जिस पर फ्रेंचाइजी ने 8.40 करोड़ रुपये खर्च किए थे, जबकि पृथ्वी शॉ जैसे बल्लेबाज को पूरे सीजन में मैदान पर उतरने का मौका नहीं मिला। दिल्ली कैपिटल्स ने इन खिलाड़ियों को रिलीज करने की घोषणा नहीं की है लेकिन अटकलों का बाजार अब गर्म हो चला है, जिस पर टीम के प्रदर्शन और जरूरतों के आधार पर फैसला हो सकता है।

युवराज और गांगुली के सामने टीम संतुलन की चुनौती
दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच सौरव गांगुली और बल्लेबाजी एवं सहायक कोच युवराज सिंह की भूमिका अगले सीजन की रणनीति तैयार करने में अहम हो सकती है। टीम को यह तय करना होगा कि किन खिलाड़ियों को आगे मौका देना है और किनकी जगह नए विकल्प तलाशने चाहिए।
आईपीएल 2026 में करुण नायर को सिर्फ दो मैच खेलने का मौका मिला, जिनमें उन्होंने 18 रन बनाए। वहीं पृथ्वी शॉ को 75 लाख रुपये में टीम ने खरीदा था लेकिन वह एक भी मैच नहीं खेल सके। ऐसे में इन दोनों के भविष्य पर चर्चा होना स्वाभाविक है।
8.40 करोड़ रुपये वाले आकिब नबी पर भी नजर
दिल्ली के संभावित बदलावों में आकिब नबी डार का नाम भी शामिल है। फ्रेंचाइजी ने उन्हें 8.40 करोड़ रुपये में खरीदा था। वह पांच मुकाबलों में उतरे और गेंदबाजी में कोई विकेट नहीं मिला। इतनी बड़ी कीमत के मुकाबले उनका योगदान टीम के लिए समीक्षा का विषय बन सकता है।
न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन ने दो मैचों में दो विकेट लिए लेकिन उनकी इकॉनमी 12.86 रही। श्रीलंका के दुश्मंथा चमीरा को भी सीमित मौके मिले। इंग्लैंड के लेग स्पिनर रेहान अहमद को बेन डकेट की जगह टीम में शामिल किया गया था, लेकिन उन्हें भी खेलने का अवसर नहीं मिला।
क्या छह खिलाड़ियों की होगी छुट्टी?
करुण नायर, पृथ्वी शॉ, रेहान अहमद, दुश्मंथा चमीरा, काइल जैमीसन और आकिब नबी डार वे छह नाम हैं जिन पर कोई फैसला लिया जा सकता है। फ्रेंचाइजी को 15 नवंबर तक रिटेन और रिलीज खिलाड़ियों की सूची सौंपनी है, जबकि मिनी ऑक्शन 16 दिसंबर को गोवा में प्रस्तावित है।
दिल्ली के लिए असली चुनौती सिर्फ खिलाड़ियों को रिलीज करना नहीं, बल्कि ऐसा कॉम्बिनेशन तैयार करना होगा जो अगले सीजन में टीम को बेहतर नतीजे दिला सके। अंतिम फैसला आने तक इन छह खिलाड़ियों का भविष्य अनिश्चित बना हुआ है।


Click it and Unblock the Notifications
