Vaibhav Suryavanshi vs Abhishek Sharma:बिहारी बाबू के सामने होगी पंजाबी शेर की चुनौती, कौन पडे़गा किस पर भारी?
Vaibhav Suryavanshi vs Abhishek Sharma: आईपीएल 2026 का कारवां आज सोमवार (13 अप्रैल) नवाबों के शहर लखनऊ से निकलकर हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम पहुंच रहा है, जहां टेबल टॉपर राजस्थान रॉयल्स (RR) का सामना सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से होगा। यह मुकाबला केवल दो टीमों की भिड़ंत नहीं है, बल्कि भारतीय क्रिकेट के दो अलग-अलग युगों के बीच की जंग है।
जबरदस्त फॉर्म में हैं वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi vs Abhishek Sharma)
एक तरफ अनुभव और पावर हिटिंग के बादशाह अभिषेक शर्मा हैं तो दूसरी तरफ क्रिकेट के 'वंडर किड' कहे जा रहे 15 साल के वैभव सूर्यवंशी मौजूद है। आईपीएल 2026 के शुरुआती 4 मैचों ने यह साफ कर दिया है कि इस बार ऑरेंज कैप की रेस में युवाओं का बोलबाला है। वैभव सूर्यवंशी फिलहाल 200 रनों के साथ ऑरेंज कैप की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं। उनका स्ट्राइक रेट (266+) किसी भी नियमित बल्लेबाज की तुलना में अविश्वसनीय है।

वैभव से खौफ खाते हैं गेंदबाज
अभिषेक शर्मा की औसत भले ही कम हो, लेकिन उनका इम्पैक्ट मैच का पासा पलटने वाला रहा है। महज 15 साल की उम्र में दुनिया के दिग्गज गेंदबाजों की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ने का कलेजा वैभव में है। वे 'प्रॉपर' क्रिकेटिंग शॉट्स के साथ-साथ मॉडर्न-डे टी20 शॉट्स (रैंप और स्कूप) खेलने में माहिर हैं। बुमराह और सिराज जैसे गेंदबाजों को रिमांड पर लेना उनकी निडरता को बताता है।
अभिषेक ने भी दिखाया है दम
दूसरी तरफ अभिषेक अब एक परिपक्व खिलाड़ी बन चुके हैं। युवराज सिंह के मार्गदर्शन में तैयार हुए अभिषेक पावरप्ले का इस्तेमाल करना बखूबी जानते हैं। उनका 'हैंड-आई को-ऑर्डिनेशन' उन्हें स्पिनर्स के खिलाफ सबसे खतरनाक बल्लेबाज बनाता है। रियान पराग की कप्तानी वाली राजस्थान 4 में से 4 मैच जीतकर 8 अंकों के साथ टॉप पर है। वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की ओपनिंग जोड़ी विपक्षी टीमों के लिए काल बनी हुई है।
किसका पलड़ा रहा है भारी?
प्वाइंट्स टेबल में 7वें नंबर पर मौजूद हैदराबाद को लय की तलाश है। कप्तान ईशान किशन (4 मैचों में 122 रन) और अभिषेक शर्मा पर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी होगी। आज टीम लियाम लिविंगस्टोन को मिडिल ऑर्डर में जगह दे सकती है ताकि पावर बनी रहे। आंकड़ों के लिहाज से सनराइजर्स का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमें अब तक 21 बार भिड़ी हैं, जिसमें हैदराबाद ने 12 और राजस्थान ने 9 बार जीत हासिल की है। हालांकि, मौजूदा फॉर्म को देखते हुए राजस्थान रॉयल्स को हराना नामुमकिन सा लग रहा है।












Click it and Unblock the Notifications