प्लेऑफ़ में बिना खेले फाइनल में जा सकती है RCB, किस खास नियम के कारण ऐसा संभव?
RCB vs GT: आईपीएल 2026 के क्वालीफायर 1 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच कांटे की टक्कर होने की उम्मीद है। हालांकि यदि यह महत्वपूर्ण मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ जाता है, तो बिना एक भी गेंद फेंके बेंगलुरु की टीम सीधे फाइनल में प्रवेश कर जाएगी।
नियमों के मुताबिक मैच रद्द होने की स्थिति में लीग स्टेज की अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली टीम को ही विजेता माना जाता है। लीग स्टेज के विपरीत जहां मैच धुलने पर दोनों टीमों में अंक बांट दिए जाते हैं, प्लेऑफ के नॉकआउट मैचों के लिए अलग नियम बनाए गए हैं।

खराब मौसम में अंपायर्स कम से कम पांच-पांच ओवर का खेल कराने की कोशिश करते हैं। यदि न्यूनतम ओवरों का खेल भी संभव नहीं हो पाता, तो मैच रद्द करना पड़ता है क्योंकि इन मैचों के लिए कोई रिज़र्व डे नहीं रखा गया है।
रन रेट के अंतर से तय हुआ दोनों टीमों का भाग्य
लीग स्टेज के खत्म होने पर आरसीबी और गुजरात टाइटंस दोनों के खाते में 14 मैचों के बाद समान रूप से 18-18 अंक दर्ज थे। मगर बेंगलुरु की टीम अपने शानदार प्लस 0.783 के नेट रन रेट की बदौलत अंक तालिका में पहले पायदान पर काबिज हुई। वहीं गुजरात की टीम प्लस 0.695 के रन रेट के कारण दूसरे स्थान पर रही, जो अब मैच रद्द होने पर उनके लिए भारी पड़ेगा। बारिश से मैच धुलने पर आरसीबी फाइनल में जाएगी।
गुजरात टाइटंस के पास फिर भी रहेगा एक मौका
क्वालीफायर-1 रद्द होने से गुजरात टाइटंस को सीधे फाइनल में न पहुंच पाने का बड़ा झटका जरूर लगेगा, लेकिन उनका सफर यहीं खत्म नहीं होगा। अंक तालिका में दूसरे स्थान पर रहने के कारण उन्हें टूर्नामेंट में बने रहने का एक और मौका मिलेगा। गुजरात की टीम क्वालीफायर-2 में जाएगी, जहां उनका सामना एलिमिनेटर मैच (एसआरएच बनाम आरआर) जीतने वाली टीम से होगा।
बराबरी के आंकड़ों के बीच फैंस को मैच की उम्मीद
क्रिकेट फैंस को उम्मीद है कि मौसम साफ रहेगा और उन्हें एक बेहतरीन मुकाबला देखने को मिलेगा, क्योंकि दोनों ही टीमों का इतिहास बराबरी का रहा है। आईपीएल में अब तक इन दोनों के बीच खेले गए कुल आठ मैचों में दोनों ने चार-चार बार जीत दर्ज की है। इस सीजन में भी दोनों टीमों ने एक-दूसरे को एक-एक बार पटखनी दी है।












Click it and Unblock the Notifications