IPL 2026 Mini Auction: पहले लॉट में दिल्ली कैपिटल्स ने मारी बड़ी बाजी, 10 करोड़ वाले खिलाड़ी को 2 करोड़ में खरीदा
IPL 2026 Mini Auction: आईपीएल नीलामी में साउथ अफ्रीका के अनुभवी बल्लेबाज़ डेविड मिलर को लेकर बड़ा उलटफेर देखने को मिला। जिन मिलर से फ्रेंचाइज़ियों को करीब 10 करोड़ रुपये तक की उम्मीद थी, उनकी बिड महज़ 2 करोड़ रुपये से शुरू हुई और किसी भी टीम ने रकम बढ़ाने में खास दिलचस्पी नहीं दिखाई। आखिरकार दिल्ली कैपिटल्स ने डेविड मिलर को बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये में खरीद लिया।
डेविड मिलर नीलामी के पहले लॉट का हिस्सा थे, लेकिन शुरुआती राउंड में ही उनका सस्ते में बिक जाना फैंस और एक्सपर्ट्स दोनों के लिए हैरान करने वाला रहा। बड़े मैचों में फिनिशर की भूमिका निभाने वाले मिलर का अनुभव और टी20 रिकॉर्ड मजबूत माना जाता है, ऐसे में दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह डील काफी फायदे की साबित हो सकती है। माना जा रहा है कि टीम मैनेजमेंट उन्हें मिडिल ऑर्डर को स्थिरता देने और डेथ ओवर्स में आक्रामक बल्लेबाज़ी के लिए इस्तेमाल करेगी।

डेविड मिलर के IPL रिकॉर्ड की बात करें तो उन्होंने अब तक टूर्नामेंट में शानदार और भरोसेमंद प्रदर्शन किया है। मिलर ने अपने आईपीएल करियर में 141 मैच खेले हैं, जिसमें 49 बार नाबाद रहते हुए उन्होंने 3077 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 101* रहा है, जबकि औसत 36.20 का है, जो एक फिनिशर बल्लेबाज़ के लिए काफी प्रभावशाली माना जाता है।
मिलर का स्ट्राइक रेट 138.60 का रहा है, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाज़ी को दर्शाता है। उन्होंने आईपीएल में 1 शतक और 13 अर्धशतक लगाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 220 चौके और 138 छक्के निकले, जो साबित करता है कि वह बड़े शॉट खेलने में माहिर हैं। अनुभव, निरंतरता और मैच फिनिश करने की क्षमता के चलते डेविड मिलर किसी भी टीम के लिए एक कीमती खिलाड़ी साबित हो सकते हैं। हालांकि किसी को उम्मीद नहीं थी कि डेविड मिलर जैसा अनुभवी प्लेयर सिर्फ बेस प्राइस में ही चला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications