IPL के शोर के बीच पसरा मातम, नहीं रहा भारत का सबसे बुजुर्ग टेस्ट क्रिकेटर, चेन्नई में ली अंतिम सांस
C.D. Gopinath Death News: आईपीएल 2026 के चौके-छक्कों के रोमांच में पूरा देश इस समय डूबा हुआ है। इस बीच भारतीय टेस्ट क्रिकेट के एक अध्याय का अंत हो गया है। भारत को टेस्ट क्रिकेट में पहली जीत दिलाने वाली 1952 की टीम के अंतिम जीवित सदस्य सी.डी. गोपीनाथ ने 96 वर्ष की आयु में चेन्नई में अंतिम सांस ली। देश के सबसे उम्रदराज टेस्ट क्रिकेटर के जाने से खेल जगत में शोक की लहर है।
सबसे बुजुर्ग टेस्ट क्रिकेटर का निधन (C.D. Gopinath Death News)
96 वर्ष की आयु में उन्होंने चेन्नई के अडयार में अंतिम सांस ली। गोपीनाथ न केवल भारत की पहली ऐतिहासिक जीत के नायक थे, बल्कि वे देश के सबसे उम्रदराज जीवित टेस्ट क्रिकेटर भी थे। उनके जाने से भारतीय क्रिकेट के इतिहास का एक जीवित दस्तावेज हमेशा के लिए बंद हो गया है। भारतीय क्रिकेट के इतिहास में साल 1952 मील का पत्थर माना जाता है। चेन्नई (तब मद्रास) में खेले गए पांचवें टेस्ट में भारत ने इंग्लैंड को एक पारी और 8 रनों से हराकर अपनी पहली टेस्ट जीत दर्ज की थी।

इंग्लैंड के खिलाफ किया था डेब्यू
उस ऐतिहासिक मैच में गोपीनाथ ने 35 रनों की अहम पारी खेली थी। कुछ समय पहले एक इंटरव्यू में उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा था कि उस टीम से अब सिर्फ मैं ही जिंदा बचा हूं, इसलिए मैं जो चाहूं वो कह सकता हूं! आज उनके निधन के साथ उस महान टीम की अंतिम कड़ी भी टूट गई है। गोपीनाथ ने 1951-52 में इंग्लैंड के खिलाफ ही ब्रेबोर्न स्टेडियम में अपना टेस्ट डेब्यू किया था।
बल्लेबाजी से जीता था सबका दिल
नंबर 8 पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने पहली पारी में नाबाद 50 और दूसरी पारी में 42 रन बनाकर मैच ड्रॉ कराने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने भारत के लिए 8 टेस्ट मैच खेले और प्रथम श्रेणी क्रिकेट में मद्रास (अब तमिलनाडु) के लिए 83 मैचों में 42.16 की औसत से 4259 रन बनाए।
जब विदेशी लेखक उनसे भारत की पहली टेस्ट जीत पर किताब लिखने के लिए मिलने आए तो गोपीनाथ ने सादगी से पूछा था कि एक टेस्ट मैच पर पूरी किताब कैसे लिखी जा सकती है? तब लेखकों ने उन्हें बताया था कि वह जीत भारतीय क्रिकेट का टर्निंग पॉइंट थी।












Click it and Unblock the Notifications