IPL 2026 Controversy: लाइव मैच में चीयरलीडर्स से बदसलूकी? मामला बिगड़ता देख पुलिस ने मारी एंट्री! VIDEO
IPL 2026 Controversy: लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार को खेले गए आईपीएल 2026 के बेहद अहम मुकाबले में पंजाब किंग्स (PBKS) ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को 7 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही पंजाब ने प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। पंजाब की इस शानदार जीत के हीरो कप्तान श्रेयस अय्यर रहे, जिन्होंने अपने आईपीएल करियर का पहला शतक जड़ा।
चीयरलीडर्स के साथ बदसलूकी का मामला (IPL 2026 Controversy)
हालांकि, मैदान पर मिली इस बड़ी कामयाबी के बीच स्टेडियम के स्टैंड्स से आई एक खबर ने खेल के रोमांच को थोड़ा फीका कर दिया। मैच के दौरान दर्शकों के एक हिस्से द्वारा चीयरलीडर्स के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया, जिसके बाद स्थानीय पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। प्लेऑफ की दौड़ के लिहाज से यह मैच दोनों टीमों के लिए बेहद अहम था, जिसके कारण स्टेडियम का माहौल काफी तनावपूर्ण और ऊर्जा से भरा हुआ था।

मामला बढ़ता देख पुलिस ने मारी एंट्री
इसी बीच सोशल मीडिया पर कुछ ऐसे वीडियो और विजुअल्स वायरल हुए जिनमें स्टैंड्स में बैठे कुछ दर्शक चीयरलीडर्स के साथ अमर्यादित व्यवहार और उन्हें परेशान करते दिखे। मामला बढ़ता देख वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों और पुलिस अधिकारियों ने तुरंत मोर्चा संभाला। महिला पुलिसकर्मियों को भी प्रभावितों से बातचीत करते और स्थिति को नियंत्रित करते देखा गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हुड़दंग करने वाले कुछ फैंस के खिलाफ कदम उठाया है।
कप्तान अय्यर का धमाकेदार शतक
विवाद से इतर पिच पर पंजाब किंग्स ने हर विभाग में दबदबा दिखाया। लगातार छह मैच हारने के बाद मैदान पर उतरी पंजाब के सामने 197 रनों का मजबूत लक्ष्य था। कप्तान श्रेयस अय्यर ने जिम्मेदारी संभालते हुए महज 51 गेंदों पर नाबाद 101 रनों की तूफानी पारी खेली। यह उनके आईपीएल करियर का पहला शतक है। अय्यर ने प्रभसिमरन सिंह (69 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 140 रनों की मैच जिताऊ साझेदारी की और अपनी टीम को 12 गेंद शेष रहते जीत दिला दी।
लखनऊ ने बनाए थे 196 रन
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स ने जोश इंग्लिस के शानदार 72 रनों (44 गेंद) की बदौलत 20 ओवर में 6 विकेट पर 196 रन बनाए थे। पंजाब की ओर से अनुभवी स्पिनर युजवेंद्र चहल ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 25 रन देकर 2 विकेट चटकाए और लखनऊ की रन गति पर लगाम लगाई।















Click it and Unblock the Notifications