IPL 2026: मुस्तफिजुर की जगह KKR में कौन? ये 3 खिलाड़ी बन सकते हैं रिप्लेसमेंट, चेक करें लिस्ट
IPL 2026, Mustafizur Rahman Replacement: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एक कड़ा कदम उठाते हुए बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफ़िज़ुर रहमान को आईपीएल 2026 से बाहर कर दिया है। शनिवार (3 जनवरी) को लिए गए इस फैसले के पीछे बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों (हिंदुओं) पर हो रहे हमलों और भारत में बढ़ते जन-आक्रोश को मुख्य कारण माना जा रहा है।
मुस्तफ़िज़ुर की जगह कौन? (IPL 2026, Mustafizur Rahman Replacement)
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने मुस्तफ़िज़ुर को मिनी ऑक्शन में 9.20 करोड़ रुपये की मोटी रकम पर खरीदा था। लेकिन अब बोर्ड के निर्देश पर उन्हें रिलीज कर दिया गया है। मुस्तफ़िज़ुर के बाहर होने से KKR के गेंदबाजी आक्रमण में एक बड़ी जगह खाली हो गई है। टीम मैनेजमेंट अब उनके विकल्प के रूप में तीन प्रमुख गेंदबाजों पर विचार कर सकता है। आइए नजर डालते हैं आखिर किन खिलाड़ियों पर केकेआर दांव लगा सकती है।

उमेश यादव
अगर KKR किसी अनुभवी भारतीय गेंदबाज को टीम में शामिल करना चाहता है, तो उमेश यादव सबसे मजबूत दावेदार हैं। उमेश पहले भी दो बार KKR का हिस्सा रह चुके हैं और 2014 की खिताबी जीत में गौतम गंभीर की टीम के मुख्य स्तंभ थे। वे घरेलू परिस्थितियों को बखूबी समझते हैं। आईपीएल 2022 में उन्होंने KKR के लिए 12 मैचों में 16 विकेट झटके थे। उनका बेस प्राइस 1.50 करोड़ रुपये था।
स्पेंसर जॉनसन
मुस्तफ़िज़ुर एक बाएं हाथ के गेंदबाज थे, ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के स्पेंसर जॉनसन उनकी जगह लेने के लिए सटीक विकल्प हो सकते हैं। KKR ने उन्हें 2025 की मेगा नीलामी में 2.80 करोड़ रुपये में खरीदा था। जॉनसन के पास रफ्तार और उछाल है। हालांकि वे वर्तमान में चोटिल हैं, लेकिन फिट होने पर वे KKR की पहली पसंद बन सकते हैं। उनका बेस प्राइस भी 1.50 करोड़ रुपये है।
अल्जारी जोसेफ
वेस्टइंडीज के अल्जारी जोसेफ आईपीएल इतिहास के सर्वश्रेष्ठ स्पैल (6/12) का रिकॉर्ड अपने नाम रखते हैं। वे इस बार नीलामी में अनसोल्ड रहे थे। KKR के मेंटर ड्वेन ब्रावो जोसेफ की क्षमताओं से अच्छी तरह वाकिफ हैं। जोसेफ मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस जैसी टीमों के साथ खेल चुके हैं और दबाव में गेंदबाजी करना जानते हैं। वे 2 करोड़ रुपये के बेस प्राइस के साथ उपलब्ध हैं।












Click it and Unblock the Notifications