IPL फैंस के लिए खुशखबरी! टूर्नामेंट के रिस्टार्ट की तैयारी तेज, कुछ ही घंटे में BCCI कर सकता है बड़ा ऐलान
भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सीजफायर (Ceasefire) समझौते के बाद इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के फिर से शुरू होने के संकेत मिल रहे हैं। बीसीसीआई (BCCI) के एक सूत्र ने बताया कि बोर्ड अगले कुछ घंटे में हालात की समीक्षा के बाद IPL को दोबारा शुरू करने पर फैसला ले सकता है।
शुक्रवार को IPL 2025 को एक हफ्ते के लिए सस्पेंड कर दिया गया था। इसके पीछे भारत-पाकिस्तान सीमा पर तनाव और पहलगाम टेरर अटैक के बाद हुए 'ऑपरेशन सिंदूर' जैसी सैन्य कार्रवाइयों का बढ़ता प्रभाव था। इस तनाव के बीच टूर्नामेंट के 16 मैच अभी बाकी हैं, जिनके भविष्य पर असमंजस था।

धर्मशाला मैच के दौरान हालात बिगड़े
गुरुवार को धर्मशाला में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मैच खेला जा रहा था, जिसे बीच में ही रोकना पड़ा। सुरक्षा कारणों से धर्मशाला एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया, जिससे दोनों टीमों के खिलाड़ी और स्टाफ बस से जलंधर और फिर ट्रेन से दिल्ली पहुंचे।
48 घंटे में होगा बड़ा मंथन
BCCI सूत्र ने एनडीटीवी से खास बातचीत में कहा कि, 'टूर्नामेंट को 7 दिनों के लिए सस्पेंड किया गया है। हम हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और सभी स्टेकहोल्डर्स - फ्रेंचाइज़ी, ब्रॉडकास्टर्स, स्पॉन्सर्स और स्टेट एसोसिएशनों से अगले 48 घंटें में बातचीत कर के IPL को दोबारा शुरू करने पर विचार करेंगे। साथ ही भारत सरकार की अनुमति भी जरूरी होगी।'
IPL की वापसी अब नजदीक?
BCCI की मानें तो अगर हालात अनुकूल रहे और सरकार की तरफ से हरी झंडी मिल गई, तो IPL 2025 को जल्द ही रिस्टार्ट किया जा सकता है। बोर्ड जल्द ही इसको लेकर आधिकारिक घोषणा करेगा।
क्या फिर से शुरू होगा पंजाब बनाम दिल्ली का मैच?
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या अधूरा छूटा पंजाब किंग्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स (PBKS vs DC) मुकाबला दोबारा खेला जाएगा या पूरा शेड्यूल बदलेगा? रिपोर्ट के मुताबिक, जब IPL दोबारा शुरू होगा तो सबसे पहला मैच पंजाब बनाम दिल्ली का अधूरा मुकाबला खेला जाएगा। जोकि धर्मशाला में खेला जा रहा था। गुरुवार रात 9:35 बजे के आसपास इस मैच को अचानक रोकना पड़ा था क्योंकि आसपास के इलाकों में ब्लैकआउट और एयर रेड अलर्ट घोषित किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications