IPL 2025 Points Table: धोनी की CSK का सफर खत्म! पंजाब किंग्स ने पॉइंट्स टेबल में लगाई छलांग
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का IPL 2025 में सफर अब आधिकारिक रूप से खत्म हो चुका है। बुधवार 30 अप्रैल को पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ 4 विकेट से मिली हार के बाद CSK प्लेऑफ की रेस से बाहर होने वाली इस सीजन की पहली टीम बन गई।
चेन्नई ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 190 रन बनाए, लेकिन पंजाब ने 19.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। घरेलू मैदान चेपॉक पर मिली यह हार टीम के लिए और ज्यादा निराशाजनक रही, जहां वे अब तक इस सीजन में 5 मुकाबले हार चुके हैं- जो IPL इतिहास में उनका सबसे खराब होम रिकॉर्ड है।

टूर्नामेंट में सिर्फ 2 जीत, टेबल में सबसे नीचे CSK
चेन्नई सुपर किंग्स ने इस सीजन अब तक 10 मैच खेले हैं, जिसमें से सिर्फ 2 में जीत दर्ज की और 8 में हार का सामना किया है। टीम अब अधिकतम 8 अंक तक ही पहुंच सकती है, जबकि प्लेऑफ में क्वालिफाई करने के लिए आमतौर पर 14 अंक की ज़रूरत होती है।
ऐसे में अब कोई गणित उन्हें अगले दौर में नहीं पहुंचा सकता। वे प्वाइंट्स टेबल में सबसे नीचे 10वें स्थान पर हैं और बाकी बचे मुकाबले सिर्फ सम्मान के लिए खेलेंगे।
पंजाब किंग्स की जबरदस्त वापसी, टॉप-2 में एंट्री
वहीं दूसरी ओर पंजाब किंग्स की यह जीत टूर्नामेंट में उनकी स्थिति को मजबूत करने वाली रही। इस जीत के बाद पंजाब के अब 10 मैचों में 6 जीत और 1 रद्द मैच समेत कुल 13 अंक हो चुके हैं, जिससे वे पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। उनसे आगे सिर्फ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) हैं, जिनके 14 अंक हैं। पंजाब ने पूरे टूर्नामेंट में एक समय संघर्ष किया था, लेकिन अब टीम फॉर्म में लौट चुकी है और लगातार जीत से प्लेऑफ में टॉप-2 में जाने की रेस में मज़बूती से बनी हुई है।
चहल की हैट्रिक, करन का धमाका और धोनी का सन्नाटा
इस मैच में युजवेंद्र चहल ने 19वें ओवर में हैट्रिक लेकर चेन्नई की पारी को ब्रेक लगाया और अंततः 190 रन पर समेट दिया। इससे पहले सैम करन ने 47 गेंदों पर 88 रनों की जबरदस्त पारी खेली, जिसमें 4 छक्के और 9 चौके शामिल थे। लेकिन बाकी बल्लेबाजों ने साथ नहीं दिया। एमएस धोनी ने आखिरी ओवरों में एक छक्का ज़रूर जड़ा, लेकिन चहल की गेंद पर आउट हो गए। दूसरी ओर, प्रभसिमरन सिंह ने 54 और श्रेयस अय्यर ने 72 रन बनाकर पंजाब को लक्ष्य तक पहुंचाया।
अब आगे क्या?
चेन्नई सुपर किंग्स का अगला मुकाबला शनिवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा, जहां वे अब सिर्फ सम्मान बचाने और फैंस के लिए मैदान में उतरेंगे। वहीं पंजाब किंग्स की नजरें अब सीधे टॉप-2 में अपनी जगह पक्की करने पर हैं, जिससे उन्हें क्वालिफायर-1 का फायदा मिल सके।












Click it and Unblock the Notifications