RR vs RCB: राजस्थान के साथ हुई बेईमानी? थर्ड अंपायर के फैसले पर मचा बवाल! खिलाड़ी भी हुए हैरान
IPL 2024 Rajasthan Royals vs Royal Challengers Bengaluru: आईपीएल 2024 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के सामने जीत के लिए 173 रनों का लक्ष्य है। दोनों ही टीमों की कोशिश इस मैच को जीतने की होगी। इस मैच को हारने वाली टीम आईपीएल 2024 से बाहर हो जाएगी।
थर्ड अंपायर के फैसले पर बवाल
आईपीएल के दौरान अंपायरिंग पर भी कई तरह के सवाल उठते रहे हैं। थर्ड अंपायर के कई फैसलों पर क्रिकेट के दिग्गज भी हैरानी जता चुके हैं। इसके अलावा फैंस भी सवाल खड़े करते रहे हैं। रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु और राजस्थान रॉयल्स एलिमिनेटर मुकाबले में भी थर्ड अंपायर के फैसले को लेकर बवाल देखने को मिला। थर्ड अंपायर के एक फैसले से राजस्थान के खिलाड़ी निराश नजर आए।

दिनेश कार्तिक आउट थे या नॉट आउट
राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज आवेश खान ने रजत पाटीदार को कैच आउट कराया। इसकी अगली गेंद पर दिनेश कार्तिक भी एलबीडब्ल्यू आउट दिए गए। दिनेश कार्तिक ने डीआरएस का इस्तेमाल किया और थर्ड अंपायर को लगा कि गेंद बल्ले का किनारा लेकर पैड पर लगी। ऐसे में उन्हें नॉटआउट दिया गया। अंपायर ने जल्दबाजी में अपना फैसला सुनाया, जिससे राजस्थान के खिलाड़ी और कोच नाखुश नजर आए।
फैंस का फूटा गुस्सा
तीसरे अंपायर के इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर लगातार फैंस अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं। आरसीबी के लिए फिनिशर की भूमिका निभाने वाले दिनेश कार्तिक को लेकर लिए गए इस फैसले पर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। बता दें कि कप्तान फाफ डुप्लेसिस और विराट कोहली इस मुकाबले में बड़ी पारी नहीं खेल सके। वहीं विस्फोटक बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल ने एक बार फिर निराश किया और खाता खोले बिना ही पवेलियन लौट गए।
दिनेश कार्तिक नहीं उठा सके फायदा
हालांकि, अगले ओवर में आवेश खान ने दिनेश कार्तिक को यशस्वी जायसवाल के हाथों कैच आउट कराया। वह 13 गेंद में 11 रन बना सके। इसके बाद ओवर की पांचवीं गेंद पर आवेश ने महिपाल लोमरोर को रोवमन पॉवेल के हाथों कैच कराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बेंगलुरु ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 172 रन बनाए।












Click it and Unblock the Notifications