IPL 2024: गुजरात टाइटंस को बड़ा झटका, मोहम्मद शमी पूरे टूर्नामेंट से बाहर!
IPL 2024 Mohammed Shami: अगले महीने यानी कि मार्च से आईपीएल 2024 का आगाज होने जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 22 मार्च से आईपीएल की शुरुआत होनी है। 10 टीमें एक बार फिर आईपीएल ट्रॉफी के लिए आपस में भिड़ने को तैयार हैं।
गुजरात को बड़ा झटका
आईपीएल से ठीक पहले गुजरात टाइटंस की टीम को बड़ा झटका लगा है। गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। मोहम्मद शमी वर्ल्ड कप फाइनल 2023 के बाद से ही क्रिकेट के मैदान से दूर हैं। चोट की वजह से मोहम्मद शमी भारत की तरफ से कोई भी मुकाबला नहीं खेल सके हैं।

शमी हुए बाहर
भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में भी मोहम्मद शमी का नाम शामिल नहीं है। अब आईपीएल में गुजरात टाइटंस की ओर से इस सीजन मोहम्मद शमी खेलते हुए नजर नहीं आएंगे। पिछले दो सीजनों से गुजरात के लिए दमदार प्रदर्शन करने वाले मोहम्मद शमी आईपीएल 2024 से बाहर हो गए हैं।
पिछले सीजन रहा था शानदार प्रदर्शन
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मोहम्मद शमी का टखना चोटिल है। जिसके कारण वह आईपीएल में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। मोहम्मद शमी अपने पैर की सर्जरी करवाने के लिए इंग्लैंड जा सकते हैं। सीजन गुजरात टाइटंस की तरफ से मोहम्मद शमी ने 17 मैचों में सबसे अधिक 28 विकेट झटके थे। मोहम्मद शमी की दमदार गेंदबाजी की बदौलत गुजरात की टीम फाइनल तक का सफर तय करने में कामयाब रही थी।
शुभमन गिल होंगे टीम के कप्तान
वहीं साल 2022 में गुजरात टाइटंस की टीम ने अपने पहले ही सीजन में चैंपियन का खिताब जीता था। मोहम्मद शमी ने साल 2022 में इस टूर्नामेंट में कुल 20 विकेट चटकाए थे। ऐसे में मोहम्मद शमी का चोटिल होना गुजरात के लिए बड़ा झटका है। गुजरात टाइटंस की टीम से पिछले सीजन तक कप्तानी करने वाले हार्दिक पंड्या पहले ही मुंबई इंडियंस रवाना हो चुके हैं। हार्दिक पंड्या की जगह अब इस सीजन शुभमन गिल गुजरात टाइटंस की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे। शुभमन गिल की कप्तानी में गुजरात टाइटंस पहली बार आईपीएल खेलेगी।












Click it and Unblock the Notifications