IPL 2023: सनराइजर्स हैदराबाद को लगा बड़ा झटका, प्रमुख खिलाड़ी आईपीएल से बाहर
IPL 2023: वॉशिंगटन सुंदर के बाहर होने पर हैदराबाद की मुश्किलें बढ़ जाएंगी। वह पिछले मैच में ही धमाकेदार खेल से चमके थे।

IPL 2023, Washington Sundar ruled out: आईपीएल के बीच में सनराइजर्स हैदराबाद को एक बड़ा झटका लगा है। सनराइजर्स हैदराबाद का बेहतरीन ऑल राउंडर बचे हुए मैचों से बाहर हो गया है। प्रदर्शन में पहले से ही सनराइजर्स पीछे है। अब चोट के कारण खिलाड़ी के बाहर होने से एक और बड़ा झटका लगा है।
वॉशिंगटन सुंदर हेमस्ट्रिंग इंजरी की वजह से बाहर हो गए हैं। वह अब तक खेले गए सभी 7 मैचों में सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा थे। हाल ही में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हुए मुकाबले में सुंदर का बेहतरीन प्रदर्शन रहा था। उन्होंने 24 रन खर्च करते हुए 3 विकेट अपने नाम किये थे।
उन्होंने दिल्ली के खिलाफ मुकाबले में नाबाद 24 रन भी बनाये थे। हैदराबाद के लिए वह किसी भी स्थिति में गेंदबाजी करने के लिए तैयार रहने वाले गेंदबाज हैं। उनको पावरप्ले में भी गेंदबाजी करने का अच्छा अनुभव है। सनराइजर्स हैदराबाद को निश्चित तौर पर एक बड़ा झटका लगा है।
साल 2016 में आईपीएल का खिताब अपने नाम करने वाली हैदराबाद की टीम इस बार मुश्किल स्थिति में है। हैदराबाद की टीम अंक तालिका में नौवें स्थान पर है। लीग शुरू होने से पहले हैदराबाद की टीम का प्रदर्शन ऐसा रहने के बारे में किसी ने नहीं सोचा होगा। आधा टूर्नामेंट होने पर स्थिति खराब है।
वॉशिंगटन सुंदर इससे पहले इंग्लैंड में रॉयल लंदन कप के दौरान कंधे को चोटिल करवा बैठे थे। फील्डिंग के दौरान ऐसा हुआ था। इसके अलावा भी वह पहले हेमस्ट्रिंग इंजरी का शिकार हो चुके हैं। हालिया समय में सुंदर कई मौकों पर चोटिल होते रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से भी वह इस कारण दूर रहे हैं।
साल 2021 में वह आईपीएल का दूसरा हाफ नहीं खेल पाए थे। इसके अलावा यूएई में हुए टी20 वर्ल्ड कप से भी वॉशिंगटन सुंदर बाहर हो गए थे। देखा जाए तो चोट की वजह से वह काफी परेशानी का सामना कर रहे हैं। देखना होगा कि वह अब कब तक फिट होकर वापसी करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications