उमरान मलिक के पास नहीं है स्विंग की काबिलियत, SRH को भी जाता है पिछले सीजन के सितारे को बुझाने का 'क्रेडिट'
आईपीएल के पिछले सीजन का सितारा उमरान मलिक मौजूदा सीजन में बुझता हुआ जा रहा है। भारत के पूर्व तेज गेंदबाज ने इसके पीछे के कारणों की पड़ताल की है और कहीं न कहीं सनराइजर्स हैदराबाद के बॉलिंग कोच डेल स्टेन को भी सलाह दी है।

IPL 2023 in Hindi: उमरान मलिक ने पिछले आईपीएल में जिस तरह से शुरुआत की थी उतनी ही खराब गेंदबाजी मौजूदा सीजन में कर रहे हैं। लेकिन इसके लिए पूरी तरह इस रफ्तार के सौदागर (Umran Malik) को भी दोष नहीं जाता क्योंकि सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने भी उन पर ज्यादा भरोसा नहीं दिखाया है।
SRH का रोल- 23 साल का गेंदबाज कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ पिछले मैच से बाहर बैठा था और 9 मैचों में मलिक को केवल 7 बार ही खिलाया गया है जिसमें एक मौका ही ऐसा आया है जब उन्होंने अपने 4 ओवर पूरे किए हैं। यह आंकड़ा निश्चित तौर पर उस बॉलर के लिए बहुत खराब है जो आईपीएल 2022 के धमाकेदार परफॉर्मेंस के बाद टीम इंडिया में भी जगह बनाता है और पूरा देश स्पीड के लिए उसकी तारीफें करता है।
भारत के पूर्व तेज गेंदबाज आरपी सिंह का मानना है कि उमरान मलिक का अच्छी तरह से इस्तेमाल नहीं किया गया है लेकिन इस तेज गेंदबाज को भी सीखने की जरूरत है। यह गेंदबाज की भी जिम्मेदारी होती है कि वह अपने कप्तान और टीम मैनेजमेंट का भरोसा जीते और शायद मलिक यहां पर फेल हो रहे हैं।
उमरान की कमी- आरपी सिंह के अनुसार उमरान मलिक के पास स्पीड तो है लेकिन वेरिएशन नहीं है। वे डेल स्टेन की तरह गति तो निकाल सकते हैं लेकिन उनकी तरह गति के साथ स्विंग नहीं करा सकते। उनके पास धीमी गेंद नहीं है। ना ही कटर टाइप की बॉल हैं और अगर वह इन सब चीजों को हासिल कर ले तो उनको रोकना नामुमकिन होगा।
डेल स्टेन को 'सलाह'- खास बात यह है कि डेल स्टेन सनराइजर्स हैदराबाद के बॉलिंग कोच भी हैं। एक तरह से आरपी ने दक्षिण अफ्रीका के इस महान गेंदबाज को भी सलाह दी है कि आप उनकी स्पीड पर काम कर सकें तो बेहतर होगा। मलिक ने अभी तक खेले गए मैचों से केवल 5 विकेट चटकाए हैं, जो बताता है कि उन्हें निश्चित तौर पर कुछ काम करने की जरूरत है।
आरपी सिंह यह भी कहते हैं कि जब आप 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बॉलिंग करते हैं तो कप्तान आपको हर मैच में खिलाता है। आपसे उम्मीद की जाती है कि आप उन परिस्थितियों में विकेट निकालकर दोगे जब बाकी गेंदबाज ऐसा करने में सक्षम नहीं हैं। उमरान मलिक ने पिछले सीजन में तो यह काम करके दिखाया लेकिन इस बार ऐसा नहीं हो रहा है।
बुझता जा रहा है सितारा- बता दे उमरान मलिक ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपना अंतिम मैच खेला था जहां उन्होंने 1 ओवर में ही 22 रन दे दिए थे। उसके बाद रवि शास्त्री और केविन पीटरसन ने उनकी बुरी तरह आलोचना की थी और कहा था कि मलिक ने मिशेल मार्श की गेंदबाजी से भी कुछ नहीं सीखा जिन्होंने उसी मैच में 4 विकेट हासिल किए थे।
इस सीजन में प्रदर्शन- मलिक आईपीएल 2023 में अभी तक 5 विकेट ले पाए हैं जिसमें उनका औसत 35.20 का है। इनमें भी चार मैचों में उन्होंने 10 रन प्रति ओवर की औसत से रन खर्च किए हैं और दो मैचों से उनको बाहर किया गया है। यह बताता है कि इस उभरते हुए गेंदबाज के लिए आईपीएल का मौजूदा सीजन बहुत बड़ा झटका भी है और सबक भी। पिछले सीजन में उमरान मलिक ने 13.4 के स्ट्राइक रेट के साथ 22 विकेट चटकाए थे।
SRH का बुरा हाल- यह आंकड़े देखकर और मलिक की मौजूदा फॉर्म देखकर उनके फैंस को निश्चित तौर पर अफसोस होगा। भारतीय क्रिकेट के भविष्य के लिए भी उमरान मलिक का ऐसा प्रदर्शन ठीक नहीं है। देखना होगा कि सनराइजर्स की टीम बाकी बचे मैचों में कैसी रणनीति अपनाती है। सनराइजर्स ने केकेआर के खिलाफ अपना पिछला मुकाबला हारा है और वह 9 मैचों में तीन जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स के साथ सीजन की फिसड्डी टीमों में बने हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications