IPL 2023: शुभमन गिल, मोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव ने खास बना दिया प्लेऑफ का ये मुकाबला, बने कई रिकॉर्ड
IPL 2023 Records in Hindi: आईपीएल 2023 के दूसरे क्वालीफायर मुंबई इंडियंस बनाम गुजरात टाइटंस मुकाबले में बने ओवर ऑल रिकॉर्ड पर एक नजर

IPL 2023 Playoff Records: गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) की टीम ने आईपीएल के दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में मुंबई इंडियंस की टीम को 62 रनों से हरा दिया। इस मैच में शुभमन गिल (Shubman Gill) ने रिकॉर्ड तोड़ शतक भी लगाया और इस मैच में भी कई रिकॉर्ड बने।
मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) की टीम आईपीएल से बाहर हो गई है और अब फाइनल मैच चेन्नई सुपर किंग्स व गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा। इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 233 रन बनाए जिसके जवाब में मुंबई की टीम 18.2 ओवर में 171 रन बनाकर आउट हो गई थी।
यह आईपीएल के प्लेऑफ के एक मुकाबले में बने सर्वाधिक रनों के मामले में तीसरा बेस्ट स्कोर है। इस मुकाबले में कुल मिलाकर 404 रन बने। सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में 2014 का दूसरा क्वालीफायर याद आता है जब पंजाब और चेन्नई सुपर किंग्स के मुकाबले में 428 रन वानखेड़े स्टेडियम में बने थे।
साथ ही गुजरात की टीम चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बाद आईपीएल में लगातार दूसरा फाइनल मैच खेलने वाली टीम बन गई है। वहीं, यह मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल के क्वालीफायर में 2017 के बाद पहली हार है। तब वानखेड़े स्टेडियम में क्वालीफायर के दौरान एमआई राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स के खिलाफ हार गई थी।
इस मैच में मुंबई को जो 62 रनों की हार मिली है वह आईपीएल के प्लेऑफ में सबसे बड़ी 5वीं हार है। सबसे बड़ी हार के मामले में राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स का मुकाबला याद आता है जो वानखेड़े स्टेडियम में हुआ था। 2008 में हुए इस मैच में राजस्थान की टीम ने दिल्ली को 105 रनों से मात दी थी।
इस मुकाबले में मोहित शर्मा (Mohit Sharma) ने 10 रन देकर पांच विकेट लिए और यह आईपीएल के प्लेऑफ में दूसरी सर्वश्रेष्ठ परफॉर्मेंस है। मजेदार बात यह है कि पहली सर्वश्रेष्ठ परफॉर्मेंस भी इसी सीजन में इससे पिछले मुकाबले में आई थी। जब मुंबई के आकाश मधवाल ने 5 रन देकर पांच विकेट लिए थे।
मोहित शर्मा ने यह गुजरात टाइटंस के लिए आईपीएल में अभी तक की बेस्ट बॉलिंग भी की है। इससे पहले इसी सीजन में मोहम्मद शमी ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अहमदाबाद में 11 रन देकर चार विकेट लिए थे। मोहित अब आईपीएल के इस सीजन में डेथ ओवर में सर्वाधिक विकेट लेने के मामले में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।
मोहित ने इस दौरान 14 विकेट लिए हैं तो सीएसके के मथिसा पथिराना 16 विकेट लेकर टॉप पर हैं। मुंबई इंडियंस की ओर से सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) एक बार फिर टॉप स्कोरर रहे जिन्होंने 38 गेंदों पर 7 चौके और 2 छक्के लगाते हुए 61 रनों की पारी खेली। सूर्यकुमार यादव आईपीएल के सीजन में कम से कम 500 रन बनाने वाले बल्लेबाजों में सबसे तेज स्ट्राइक रेट के मामले में पांचवें स्थान पर आ गए हैं।
यादव ने इस सीजन में 181.13 के स्ट्राइक रेट से बैटिंग की है। इस मामले में आंद्रे रसेल नंबर 1 पर हैं जिन्होंने केकेआर के लिए 2019 में 500 से ज्यादा रन बनाए थे और उनका स्ट्राइक रेट 204.82 था।












Click it and Unblock the Notifications