Aaj Ka IPL Match: 'करो या मरो' मैच में राजस्थान की शर्मनाक हार, आरसीबी ने 112 रनों से जीता मैच
Rajasthan Royals vs Royal Challengers Bangalore: राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने जीत हासिल करने के साथ ही प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा है।

RR vs RCB, 60th Match, Indian Premier League 2023: रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने धमाकेदार अंदाज में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 112 रनों से जीत हासिल की। इस जीत के साथ आरसीबी की टीम प्वाइंट्स टेबल में 12 अंक के साथ प्लेऑफ की रेस में आगे की तरफ बढ़ गई है। वहीं राजस्थान के लिए टॉप फोर में पहुंचने की राह बेहद मुश्किल हो गई है।
राजस्थान की खराब शुरुआत: 172 रनों का पीछा करते हुए राजस्थान की टीम 59 रनों पर ऑल आउट हो गई। राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत काफी खराब रही। पहले ही ओवर में मोहम्मद सिराज ने यशस्वी जायसवाल को विराट कोहली के हाथों कैच आउट करा टीम को बड़ी सफलता दिला दी। यशस्वी जायसवाल बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में अपना विकेट गंवा बैठे। यशस्वी के बाद जोस बटलर भी पवेलियन लौट गए।
7 रन पर गिरे तीन विकेट: राजस्थान रॉयल्स को दूसरे ओवर में दो झटके लगे। वेन पार्नेल ने दूसरी गेंद पर जोस बटलर को मोहम्मद सिराज के हाथों कैच आउट करा दिया। इसके बाद कप्तान संजू सैमसन भी गलत शॉट खेल बैठे। पार्नेल ने संजू सैमसन को अनुज रावत के हाथों कैच आउट करा दिया। राजस्थान ने 7 के स्कोर पर ही तीन विकेट खो दिए थे।
देवदत्त पडिक्कल भी फ्लॉप: इंपैक्ट प्लेयर के रूप में बल्लेबाजी करने आए देवदत्त पडिक्कल भी बल्ले से कुछ खास नहीं कर सके। माइकल ब्रैसवेल की गेंद पर वह मोहम्मद सिराज को अपना कैच थमा बैठे। पडिक्कल चार गेंद पर चार रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
जो रूट का मैच नहीं रहा यादगार: आईपीएल में पहली बार बल्लेबाजी करने मैदान पर उतरे जो रूट के लिए यह पारी यादगार नहीं रहा। जो रूट 15 गेंदों में 10 रन बनाकर वेन पार्नेल की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए। जो रूट के आउट होने के साथ ही राजस्थान की आधी टीम महज 28 के स्कोर पर पवेलियन लौट गई।
हेटमायर ने की कोशिश: शिमरन हेटमायर 19 गेंदों में 35 रन बनाने का काम किया। हेटमायर ने एक छोर से लगातार बड़े शॉट्स लगाते रहे। ग्लेन मैक्सवेल की गेंद पर छक्का लगाने की कोशिश में वह बाउंड्री लाइन पर ब्रेसवेल को अपना कैच थमा बैठे। हेटमायर ने अपनी पारी में चार छक्के और एक चौका लगाने का काम किया।
आरसीबी ने बनाए थे 171 रन: टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 171 रन बनाए थे। आरसीबी के लिए कप्तान फाफ डुप्लेसिस और ग्लेन मैक्सवेल ने अर्धशतक जड़ने में कामयाबी हासिल की। इसके अलावा अनुज रावत ने 11 गेंद पर नाबाद 29 रन बनाकर टीम को 170 रन के पार पहुंचाया। राजस्थान के लिए केएम आसिफ और एडम जाम्पा ने दो-दो विकेट झटके।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: फाफ डुप्लेसिस (कप्तान), विराट कोहली, अनुज रावत, ग्लेन मैक्सवेल, महिपाल लोमरोर, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), केदार जाधव, माइकल ब्रेसवेल, हर्षल पटेल, मोहम्मद सिराज, वेन पार्नेल।
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, जोस बटलर, संजू सैमसन (कप्तान, विकेटकीपर), जो रूट, ध्रुव जुरेल, शिमरोन हेटमायर, आर अश्विन, एडम जाम्पा, संदीप शर्मा, केएम आसिफ, युजवेंद्र चहल।












Click it and Unblock the Notifications