MI vs RR: यशस्वी जायसवाल ने मुंबई की उधेड़ी बखिया, शतक जड़ राजस्थान को 212 के स्कोर पर पहुंचाया
MI vs RR Score: राजस्थान रॉयल्स के लिए यशस्वी जायसवाल ने धमाकेदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने नई गेंद पर जमकर प्रहार करते हुए रन बनाये। वह निरंतर खेलते हुए शतक जड़ने में सफल रहे।

MI vs RR: मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने धमाकेदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। यशस्वी जायसवाल ने अपना पहला आईपीएल शतक जमाया। राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 212 रनों का स्कोर हासिल किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लेने के बाद राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत अच्छी रही। शुरुआती छह ओवरों में ही जोस बटलर और यशस्वी जायसवाल ने 65 रन जोड़े। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 72 रनों की भागीदारी की। बटलर 18 के निजी स्कोर पर आउट हो गए।
जायसवाल ने धमाकेदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए अर्धशतक जमा दिया। उन्होंने 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। संजू सैमसन और देवदत्त पडीक्कल का बल्ला नहीं चल पाया। दोनों क्रमशः 14 और 2 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए।
जायसवाल ने लगातार क्रीज पर खड़े रहकर बल्लेबाजी की और रन बनाते चले गए। उन्होंने तूफानी बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 53 गेंदों में अपना पहला आईपीएल शतक जमा दिया। घरेलू क्रिकेट में वह मुंबई से खेलते हैं और वानखेड़े स्टेडियम को काफी अच्छी तरह जानते हैं। वह 62 गेंदों का सामना कर 124 के निजी स्कोर पर औए हुए।
यशस्वी जायसवाल अंतिम ओवर में आउट हुए लेकिन वह अपना काम पूरा कर गए। उनके बल्ले से 16 चौके और 8 छक्के आए, इस तरह राजस्थान ने 7 विकेट पर 212 रन बनाये। मुंबई के लिए अरशद खान ने 3 और पीयूष चावला ने 2 विकेट झटके।
दोनों टीमों में हैं ये खिलाड़ी
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, कैमरन ग्रीन, टिम डेविड, नेहाल वढेरा, ऋतिक शौकीन, जोफ्रा आर्चर, पीयूष चावला और अरशद खान।
राजस्थान रॉयल्स: जोस बटलर, यशस्वी जायसवाल, संजू सैमसन (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, शिमरोन हेटमायर, ध्रुव जुरेल, रविचंद्रन अश्विन, जेसन होल्डर, ट्रेंट बोल्ट, संदीप शर्मा और युजवेंद्र चहल।












Click it and Unblock the Notifications