IPL 2023: ‘जूनियर युवराज’ और ‘जूनियर बुमराह’ मुम्बई के लिए कर रहे कमाल
मुंबई इंडियंस में इस सीजन बुमराह नहीं खेल रहे हैं। चोट के कारण वह बाहर हैं, उनकी अनुपस्थिति में आकाश ने धमाका कर दिया।

IPL-2023 में मुम्बई इंडियंस की सबसे बड़ी उपलब्धि क्या है ? इस सीजन उन्होंने अपनी टीम के लिए 'जूनियर युवराज’ और 'जूनियर बुमराह’ की खोज की। एलिमिनेटर में लखनऊ को हराने का बाद रोहित ने कहा, इस टीम को बनाने में कई लोग पर्दे के पीछे से योगदान कर रहे हैं। इनका योगदान आम लोग को दिखायी नहीं देता लेकिन ये हमारे लिए बहुत खास हैं। वह इसलिए क्यों कि ये टैलेंट हंट के लिए दिन रात मेहनत करते हैं। इनकी वजह से ही हम प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपने साथ जोड़ पाते हैं।
LSG vs MI: मुंबई से करारी हार के बाद गौतम गंभीर की पहली प्रतिक्रिया, दे डाली एक बड़ी चुनौती
प्रतिभा खोज में मुम्बई सबसे आगे
दरअसल रोहित शर्मा टीम प्रबंधन के प्रतिभा खोज विभाग (स्काउट टीम) की तारीफ कर रहे थे। उन्होंने कहा, तिलक वर्मा, नेहाल वढेरा न केवल मुम्बई के लिए बल्कि भारत के लिए भविष्य के सुपर स्टार हैं। अब इसमें आकाश मधवाल का भी नाम जोड़ दीजिए। नेहाल वढेरा की उम्र 22 साल है और वे घरेलू क्रिकेट में पंजाब की तरफ से खेलते हैं। उनके खेलने के तरीके और टेंपरामेंट के कारण उन्हें नये जमाने का युवराज सिंह कहा जाता है। बाएं हाथ का यह बल्लेबाज युवराज सिंह की तरह ही साहसिक छक्के लगाता है। दूसरी तरफ आकाश मधवाल को जूनियर बुमराह कहा जा रहा है। तिलक वर्मा 2022 में ही मुम्बई के स्टार बन गये थे। इस बार नेहाल और आकाश इस टीम की नयी खोज हैं।
ऐतिहासिक तेज गेंदबाजी
एलिमिनेटर में लखनऊ के खिलाफ आकाश मधवाल ने रिकॉर्डतोड़ गेंदबाजी की। 3.3 ओवर में 5 रन दे कर 5 विकेट लिये। आइपीएल इतिहास के प्ले ऑफ में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का यह नया रिकॉर्ड है। अंतिम चार के मैच में आज तक कोई गेंदबाज आकाश जैसी बॉलिंग नहीं कर पाया था। उन्होंने 13 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ कर नया कीर्तिमान रचा। इसके पहले आइपीएल 2010 के सेमीफाइनल में चेन्नई के डग बॉलिंगर ने डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ 13 रन देकर 4 विकेट लिये थे। इसके पहले हैदराबाद के खिलाफ करो या मरो के मैच में भी आकाश ने 4 विकेट लिये थे। यानी आकाश मधवाल बड़े मैच में बड़ा प्रदर्शन कर रहे हैं। ये वक्त की नाइंसाफी है कि आकाश जैसे प्रतिभाशाली गेंदबाज की देर से खोज हो सकी। उन्होंने 29 साल की उम्र में आइपीएल डेब्यू किया। देर से ही सही, जैसे ही उन्हें मौका मिला, उन्होंने इसे भुनाने में देर नहीं की।
नेट बॉलर से मेन बॉलर
इसी महीने की 3 तारीख (मई 2023) को उन्होंने पंजाब के खिलाफ आइपीएल डेब्यू किया था जिसमें उन्हें कोई विकेट नहीं मिला था। लेकिन जल्द ही उन्होंने अपने सटीक यॉर्कर का सिक्का जमा लिया। दरअसल मुम्बई की स्काउट टीम ने आकाश की खोज 2022 में ही कर ली थी। उस समय वे टीम के नेट बॉलर थे। बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज के यॉर्कर और स्विंग से रोहित शर्मा पिछले साल से ही वाकिफ थे। इस साल जब जोफ्रा आर्चर चोट की वजह से प्रतियोगिता से हट गये तो रोहित शर्मा ने उनकी जगह आकाश मधवाल को मौका देने का फैसला किया। ये फैसला सही साबित हुआ और सिर्फ 20 दिन में ही वे मुम्बई के डेथ ओवर्स स्पेशलिस्ट बॉलर बन गये।
आकाश कैसे बने जल्द सीखने वाले खिलाड़ी
एलिमिनेटर में लखनऊ को हराने के बाद पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन के दौरान कमेंटेटर हर्ष भोगले ने आकाश से सवाल किया, सुना है आप बहुत जल्द सीख जाने वाले खिलाड़ी हैं ? तब आकाश ने जवाब दिया, मैंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है और इंजीनियर की जल्द सीखने की टेंडेंसी होती है। उनकी अपनी लर्निंग पावर होती है। इस पर हर्ष भोगले ने कहा अच्छी बात है, आप इंजीनियर की बात कर रहे हैं, सुन कर अच्छा लगा मुझे। इधर भी इंजीनियर और उधर भी इंजीनियर। दरअसल हर्ष भोगले बहुमुखी प्रतिभा वाले व्यक्ति हैं। वे हैदराबाद के रहने वाले हैं। उन्होंने उस्मानिया यूनिवर्सिटी के कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी से केमिकल इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की है। फिर उन्होंने IIM अहमदाबाद से से पढ़ाई की। दो साल तक उन्होंने नौकरी की लेकिन मन नहीं रमा। 19 साल की उम्र से ही वे शौकिया रेडियो (आकाशवाणी) पर कमेंट्री करते थे। बाद में उन्होंने कमेंट्री को ही अपने जीवन का आधार बना लिया। इसलिए जब आकाश ने अपने इंजीनियर होने की बात की तो हर्ष भोगले ने भी अपनी बात कह दी।
बुमराह के जूते में आकाश के पांव ?
हर्ष भोगले ने आकाश मधवाल से पूछा, आपको अभी जो भूमिका सौंपी गयी है उसक दायित्व पहले जसप्रीत बुमराह निभाते थे, क्या यह मान लिया जाना चाहिए कि आपने बुमराह के जूते में पांव रख दिया है ? तब आकाश ने जवाब दिया, बुमराह भाई अपनी जगह हैं, मुझे अभी जो जिम्मेदारी दी गयी है उसे मैं पूरी मेहनत से निभाने की कोशिश कर रहा हूं। कैंप के समय एक बार बुमराह भाई से फोन पर बात हुई थी। जिस गेंद पर निकोलस पूरन आउट हुए आकाश उसे अपनी सर्वश्रेष्ठ गेंद मानते हैं। इस विकेट से साबित होता है कि आकाश न केवल यॉर्कर फेंकने की काबिलियत रखते हैं बल्कि गेंद को स्विंग कराने की भी क्षमता रखते हैं।
चार दिवसीय मैच में 578 रनों की रिकॉर्डतोड़ पारी
नेहाल वढेरा पंजाब के लुधियाना के रहने वाले हैं। जब वे पंजाब के लिए अंडर 16 खेल रहे थे तब क्रिकेट के जानकारों ने उनमें युवराज सिंह की झलक देखी। उनके छक्का मारने का तरीका युवराज सिंह से मिलता जुलता था। नेहाल ने विजय मर्चेंट ट्रॉफी और कूच बिहार ट्रॉफी में अपने खेल से सबका ध्यान खींचा। 2017-18 के कूच बिहार ट्रॉफी ने उन्होंने 529 रना बना कर अपनी बल्लेबाजी की छाप छोड़ी। फिर वे अंडर-19 एशिया कप के लिए भारतीय टीम में चुने गये। 2022 में पंजाब की जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के एक मैच में उन्होंने एक पारी में 578 रन बना कर पूरे देश में तहलका मचा दिया था। उन्होंने किसी चार दिवसीय मैच में ब्रायन लारा के बनाये गये रिकॉर्ड को तोड़ दिया था। नेहाल के खेल की धमक मुम्बई इंडियंस तक पहुंची। प्रतिभा खोज टीम ने उनके खेल को देखा।
Recommended Video
मुम्बई से ऐसे जुड़े नेहाल वढेरा
नेहाल वढेरा के पिता कमल वढेरा के मुताबिक, अक्टूबर 2022 में घर पर एक फोन आया था। मुम्बई इंडिंयस मैनेजमेंट के किसी अधिकारी ने फोन किया था। उन्होंने नेहाल को ट्रायल देने के लिए मुम्बई आने को कहा। नेहाल मुम्बई गये। दो दिनों के ट्रायल में उन्होंने अपनी क्षमता दिखायी। फिर वे लुधियाना लौट आये। दस दिन बाद नेहाल को मुम्बई से फिर फोन आया। रोहित शर्मा और जहीर खान के सामने उनका फिर ट्रायल हुआ। कोच ने भी उनके खेल की समीक्षा की। सबकी सहमति के बाद उन्हें टीम से जोड़ने का फैसला किया गया। फिर नेहाल ने दिसम्बर 2022 में आइपीएल नीलामी के लिए अपना नाम डाला। मुम्बई इंडियंस ने 20 लाख रुपये की बेस प्राइस पर उन्हें खरीद लिया। 2 अप्रैल 2023 को नेहाल वढेरा ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ आइपीएल डेब्यू किया। पहले ही मैच में उन्होंने 13 गेंदों पर 21 रन बना कर अपनी प्रतिभा साबित कर दी। एलिमिनेटर मुकाबले में जब मुम्बई को बड़े स्कोर की जरूरत थी तब नेहाल ने 12 गेंदों पर 23 रन बना कर अपनी उपयोगिता साबित कर दी।












Click it and Unblock the Notifications