IPL 2023: पथिराना से बॉलिंग कराने के लिए 4 मिनट तक धोनी ने रोका खेल! कप्तान को मिल गया अपना रिजल्ट
IPL 2023 in Hindi: चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने मथिसा पथिराना को जिस तरह से गेंदबाजी करने के लिए एलिजिबल बनाया उसने एक बार फिर उनकी कप्तानी की बानगी पेश कर दी है।

IPL 2023 MS Dhoni: अपनी पीढ़ी के सर्वश्रेष्ठ कप्तानों में एक महेंद्र सिंह धोनी के दिमाग में अक्सर उनके प्लान पहले ही फिट होते हैं। धोनी को जानने वाले कई बार बता चुके हैं कि वह 'गट फीलिंग' पर काम करते हैं। माही ने भी इसको समय-समय पर स्वीकारा है, लेकिन मैदान में उनका दिमाग जिस तरह से तुरंत प्रतिक्रिया देता है और काम करता है, वह बताता है कि धोनी की कप्तानी महज गट फिलिंग नहीं बल्कि और भी बहुत कुछ है।
धोनी ने ऐसा ही नजारा आईपीएल 2023 के पहले क्वालीफायर मुकाबले में गुजरात टाइटंस के खिलाफ दिखाया। इस मुकाबले में ऐसी परिस्थितियां बन गई कि धोनी के डेथ ओवर स्पेशलिस्ट मथीशा पथिराना गेंदबाजी करने के योग्य नहीं हो पा रहे थे। लेकिन धोनी ने भी पथिराना से ही बॉलिंग कराना ठान रखा था।
असल में धोनी इस गेंदबाज से 16वां ओवर कराना चाहते थे लेकिन तब तक पथिराना बॉलिंग करने के लिए एलिजिबल नहीं हो पा रहे थे। मैच अधिकारियों ने 16वें ओवर में धोनी को सूचना दी कि श्रीलंकाई गेंदबाज मैच के दौरान फील्ड में इतना समय नहीं बिता पाया है जितना समय उसने मैदान के बाहर बिता दिया है।
लेकिन धोनी अपनी योजनाओं को बदलना नहीं चाहते थे और वे जूनियर लसिथ मलिंगा को 16वें, 18वें और 20वें ओवर में बॉलिंग देना चाहते थे। इसके बाद धोनी अंपायरों के साथ एक लंबी बहस में शामिल हो गए। धोनी के साथ चेन्नई सुपर किंग्स के बाकी खिलाड़ी भी शामिल हो गए और 4 मिनट तक खेल नहीं हो पाया।
इस घटना पर सुनील गावस्कर ने कमेंट्री बॉक्स से कहा कि, भले ही हाई प्रेशर गेम में अंपायर के फैसले आपको गलत लग रहे हों, फिर भी इसको स्वीकार लेना चाहिए।
तब गुजरात टाइटंस टीम से विजय शंकर और राशिद खान बल्लेबाजी कर रहे थे लेकिन धोनी जानबूझकर समय बर्बाद करते हुए दिखाई दे रहे थे और यह दोनों बल्लेबाज भी कुछ नहीं कर पा रहे थे। ऐसा लग रहा था कि धोनी पथिराना के ऑन फील्ड टाइम को बढ़ा रहे थे ताकि वे फिर से गेंदबाजी करने के योग्य हो जाए।
मजेदार बात यह है धोनी का यह प्लान काम भी कर गया। पथिराना अपने ओवर का पूरा कोटा फेकने भी कामयाब रहे और उन्होंने विजय शंकर का विकेट भी लिया। इस मैच के बाद विजय शंकर ने कहा कि, मुझे लगता है पथिराना फील्ड के बाहर अधिक समय तक थे और इस चक्कर में गेम वहां थोड़ा रुक गया था।
वही इस दौरान धोनी के साथ सीएसके के ओपनर रुतुराज गायकवाड भी थे। मैच के बाद इस पर उन्होंने कहा कि, मुझे नहीं पता। मैं तो बस कुछ गॉसिप का हिस्सा बनने गया था, लेकिन मुझे कुछ समझ में नहीं आया।
फिलहाल धोनी ने ये जानबूझकर किया या फिर वे अंपायर से वास्तव में खफा थे, यह सोचने का सवाल नहीं है। क्योंकि धोनी को वह रिजल्ट मिल चुका है जो वे चाहते थे। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स को दसवीं बार फाइनल में पहुंचाते हुए डिफेंडिंग चैंपियन को 15 रनों से मात दी।












Click it and Unblock the Notifications