Aaj Ka IPL Match: गुजरात ने मुंबई को 55 रन से हराकर रचा इतिहास, रोहित पर भारी पड़े हार्दिक पंड्या
Gujarat Titans vs Mumbai Indians: मुंबई इंडियंस को इस सीजन चौथी हार का सामना करना पड़ा है। गुजरात ने मुंबई को हराकर जीत के सिलसिले को जारी रखा है।

GT vs MI, 35th Match, Indian Premier League 2023: हार्दिक पंड्या की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस ने मुंबई इंडियंस को पटखनी दे दी है। गुजरात ने रोहित शर्मा की मुंबई इंडियंस को 55 रनों से मात दी। मुंबई की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 152 रन ही बना सकी। इस हार के साथ ही मुंबई का प्लेऑफ में पहुंचने की राह भी थोड़ी मुश्किल हो गई है।
पावरप्ले में नजर नहीं आई पावर: 200 से अधिक रन पीछा करते समय पावरप्ले का रोल बहुत अहम होता है। लेकिन मुंबई के बल्लेबाजों ने पावरप्ले का फायदा नहीं उठाया। पावरप्ले में मुंबई ने 5 से भी कम के रन रेट से रन बनाने का काम किया है। शुरुआती 6 ओवर में मुंबई की टीम एक विकेट खोकर सिर्फ 29 रन ही बना सकी थी।
नहीं चला कप्तान रोहित का बल्ला: गुजरात के खिलाफ इस बड़े रन चेज में कप्तान रोहित शर्मा का बल्ला खामोश रहा। कप्तान रोहित शर्मा आठ गेंद में दो रन बनाकर आउट हो गए। हार्दिक पंड्या ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच पकड़कर गुजरात को एक बड़ी सफलता दिलाई। इस मुकाबले में मुंबई की शुरुआत बेहद खराब रही।
गुजरात ने रचा इतिहास: मुंबई इंडियंस को हराकर गुजरात ने आईपीएल में इतिहास रच दिया है। आईपीएल में पहली बार गुजरात की टीम मुंबई इंडियंस को हराने का काम किया। 208 रन बनाने उतरी मुंबई की टीम की तरफ से कोई भी बल्लेबाज बड़ा स्कोर नहीं बना सका। मुंबई के बल्लेबाजों ने अपने प्रदर्शन से फैंस को निराश किया।
ईशान किशन ने भी किया निराश: ईशान किशन एक बार फिर बल्ले से कुछ खास असर नहीं छोड़ पाए। ईशान किशन 21 गेंद में 13 रन बनाकर राशिद खान की गेंद पर जोश लिटिल के हाथों कैच आउट हो गए। इसके बाद राशिद खान ने तिलक वर्मा को एलबीडब्ल्यू कर मुंबई को बैकफुट पर धकेलने का काम किया।
नूर ने किया मैच से दूर: मुंबई को नूर अहमद ने भी मैच से दूर करने का काम किया। नूर अहमद ने कैमरुन ग्रीन को क्लीन बोल्ड कर मुंबई को बड़ा झटका दिया। कैमरुन ग्रीन के बाद टिम डेविड भी खराब शॉट खेलकर पेविलयन की तरफ चलते बने। टिम डेविड खाता खोले बिना ही पवेलियन लौट गए।
गुजरात ने बनाए थे 207 रन: टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात की टीम ने 20 ओवर में 207 रन बना लिए थे। गुजरात के बल्लेबाजों ने अंत के ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। खासतौर पर डेविड मिलर, राहुल तेवतिया और अभिनव मनोहर ने मुंबई के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की।
पीयूष चावला की बेहतरीन गेंदबाजी: मुंबई इंडियंस के लिए पीयूष चावला ने इस सीजन अब तक सात मैच खेले हैं। इन सात मुकाबलों में उन्होंने सबसे अधिक 11 विकेट झटकने का काम किया है। मुंबई के लिए कोई और गेंदबाज अब तक इतने विकेट लेने में कामयाब नहीं हो पाए हैं। घरेलू क्रिकेट में लगातार गुजरात के लिए खेलने वाले पीयूष चावला का प्रदर्शन कमाल का रहा है।
गुजरात टाइटंस: ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), शुभमन गिल, हार्दिक पांड्या (कप्तान), विजय शंकर, डेविड मिलर, अभिनव मनोहर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, मोहम्मद शमी, नूर अहमद, मोहित शर्मा।
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, सूर्यकुमार यादव, टिम डेविड, नेहल वढेरा, कुमार कार्तिकेय, अर्जुन तेंदुलकर, राइली मेरेडिथ, पीयूष चावला, जेसन बेहरेनडॉर्फ।












Click it and Unblock the Notifications