IPL 2023, GT vs CSK: एक छक्का जड़ते ही धोनी ने रचा इतिहास, 200 की स्ट्राइक रेट से बरसाए रन
Gujarat Titans vs Chennai Super Kings MS Dhoni: गुजरात टाइटंस के खिलाफ महेंद्र सिंह धोनी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। अपनी छोटी सी पारी में उन्होंने कुछ दमदार शॉट्स भी लगाए।

MS Dhoni Completed 200 Sixes For CSK: चेन्नई सुपरकिंग्स को आईपीएल 2023 के अपने पहले मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। आईपीएल में चेन्नई को तीसरी बार गुजरात के खिलाफ हार झेलनी पड़ी है। गुजरात ने चेन्नई को पांच विकेट से हराकर आईपीएल का आगाज जीत के साथ किया है। गुजरात के लिए शुभमन गिल ने 36 गेंद पर 63 रन बनाए। विजय शंकर ने 21 गेंद पर 27 रनों का योगदान दिया। चेन्नई की तरफ से मिले 179 रनों के लक्ष्य को गुजरात ने पांच विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया।
पुराने अंदाज में नजर आए महेंद्र सिंह धोनी
आईपीएल 2023 के पहले मुकाबले में महेंद्र सिंह धोनी ने अपने बल्ले से शानदार खेल दिखाया। गुजरात टाइटंस के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए धोनी ने एक अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम किया। अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस बड़ी तादाद में मैच देखने पहुंचे थे। इस दौरान धोनी-धोनी के नाम का शोर भी सुना जा रहा था। धोनी 18वें ओवर में बल्ला लेकर मैदान पर आए और जबरदस्त तरीके से बल्लेबाजी की।
छक्का जड़ रचा इतिहास
डेथ ओवरों में 7 गेंदों में 14 रन बनाने के साथ ही धोनी ने एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। एक छक्का लगाते ही धोनी ने आईपीएल में एक टीम से खेलते हुए अपने 200 छक्के पूर कर लिए है। अपनी पारी में एक छक्का जड़ने के साथ ही धोनी आईपीएल के किसी एक टीम की तरफ से खेलते हुए 200 छक्के लगाने में सफल रहे। आईपीएल में एक टीम की ओर से 200 छक्के जड़ने के साथ ही धोनी ऐसा कारनामा करने वाले पांचवें खिलाड़ी बन गए। धोनी ने आखिरी ओवर में एक चौका और एक छक्का लगाया।
चेन्नई ने बनाए थे 178 रन
मैच की बात करें तो गुजरात के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। चेन्नई ने 20 ओवर में सात विकेट पर 178 रन बनाए। चेन्नई के लिए सबसे ज्यादा 92 रन ऋतुराज गायकवाड़ ने बनाने में सफलता हासिल की। सीएसके के ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ अपनी इस पारी के कारण एक बार फिर चर्चाओं में आ गए हैं। गायकवाड़ के अलावा मोईन अली ने भी 23 रनों की पारी खेली।












Click it and Unblock the Notifications