CSK vs GT: 4 गेंदों में 3 रन, आखिरी दो पर 10, एक ही ओवर में 'हीरो से जीरो' बन गए मोहित शर्मा, आंखें हुई नम
Chennai Super Kings vs Gujarat Titans: गुजरात के तेज गेंदबाज मोहित शर्मा के लिए आईपीएल का यह सीजन शानदार गुजरा। उन्होंने अपनी गेंदबाजी से सभी को खासा प्रभावित किया।

CSK vs GT, Final, Indian Premier League 2023: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल का खिताब अपने नाम किया। गुजरात के होमग्राउंड पर चेन्नई-चेन्नई के शोर से पूरा स्टेडियम गूंज उठा। चेन्नई के फैंस ने जीत के बाद स्टेडियम में धोनी-धोनी के नारे भी लगाए।
मोहित ने किया कमाल: फाइनल मैच में गुजरात टाइटंस को भले ही पांच विकेट से हार का सामना करना हो। लेकिन मोहित शर्मा ने एक बार फिर अपनी गेंदबाजी से टीम को जीत के काफी करीब पहुंचा दिया था। आखिरी ओवर में जीत के लिए 13 रन चाहिए थे और मोहित शर्मा ने पहली चार गेंदों पर सिर्फ 3 ही रन खर्च किए। लेकिन अगली दो गेंदों पर 10 रन खर्च कर बैठे और गुजरात को मैच में हार का सामना करना पड़ा।
जडेजा सबसे बड़े हीरो: मोहित शर्मा शुरुआती चार गेंदों पर चेन्नई के बल्लेबाजों को रोकने में कामयाब रहे। लेकिन पांचवें गेंद पर रवींद्र जडेजा ने सामने की तरफ बड़ा छक्का लगाकर एक बार फिर मैच में चेन्नई की वापसी करा दी। अंतिम गेंद पर चेन्नई को जीत के लिए चार रन चाहिए थे और जडेजा ने सामने की तरफ चौका जड़कर टीम को ट्रॉफी दिला दी।
मोहित शर्मा की आंखें नम: गुजरात की हार के साथ ही मोहित शर्मा की आंखों से आंसू निकल पड़े। जिसके बाद कप्तान हार्दिक पंड्या ने आकर तुरंत उन्हें गले लगाया और उनका हौसला बढ़ाया। मोहित शर्मा ने शुरुआती चार गेंदों में गुजरात की जीत पर लगभग मुहर लगा दी थी, लेकिन अंतिम दो गेंदों ने पूरी कहानी पलट दी और चेन्नई ने मैच अपने नाम कर लिया।
50 लाख रुपये में था खरीदा: गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज मोहित शर्मा को गुजरात टाइटंस ने ऑक्शन में सिर्फ 50 लाख में खरीदा था। किसी और टीम ने उन पर बोली लगाना भी ठीक नहीं समझा था। लेकिन आईपीएल 2023 में मोहित शर्मा ने कई अहम मुकाबले में गुजरात को जीत दिलाई। फाइनल में भी वह लगभग टीम को जीत दिलाने में कामयाब हो ही गए थे।












Click it and Unblock the Notifications