IPL 2023 : धोनी सिर्फ 2 महीना क्रिकेट खेलते हैं फिर भी सबसे अधिक लोकप्रिय
आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स का मुकाबला चाहे किसी भी मैदान पर हो, धोनी के फैन्स उनको देखने के लिए मौजूद रहते हैं।

IPL 2023, MS Dhoni: महेन्द्र सिंह धोनी की उम्र अब 41 साल हो चुकी है और इस उम्र में भी वे अपनी टीम चेन्नई सुपर किंग्स को प्रेरणदायी नेतृत्व प्रदान कर रहे हैं। आइपीएल 2023 का लगभग आधा सफर पूरा हो चुका है। चेन्नई अभी अंकतालिका में (8 मैच में 10 अंक) चौथे स्थान पर है। राष्ट्रीय क्रिकेट से दूर रहने के बाद भी धोनी का यह प्रदर्शन उनकी विशिष्ट क्षमता का परिचायक है। धोनी ने 15 अगस्त 2020 को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था। लेकिन भारत में आज भी उनका क्रेज किसी अन्य क्रिकेटर से ज्यादा है। मौजूदा आइपीएल के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर व्यूअरशिप तब बढ़ जाती है जब धोनी बैटिंग के लिए क्रीज पर आते हैं। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अब तक की सबसे बड़ी व्यूअरशिप (2.4 करोड़) तब दर्ज की गयी जब धोनी बैंगलोर के खिलाफ बैटिंग कर रहे थे। दूसरी बड़ी व्यूअरशिप (2.2 करोड़) तब देखने को मिली जब धोनी राजस्थान के खिलाफ बैटिंग कर रहे थे। लोकप्रियता के मामले में धोनी अभी भी विराट कोहली और रोहित शर्मा से आगे हैं।
शोएब- धोनी मेरे कप्तान होते तो रिकॉर्ड कुछ और होते
पाकिस्तान के एक टॉक शो में रमीज राजा ने शोएब अखतर से पूछा था, तुम इतने बड़े फास्ट बॉलर रहे, तुम्हारा क्या सोचना है, कौन ऐसा कप्तान होता जो तुम्हारा सबसे बेहतर इस्तेमाल करता ? तब शोएब अख्तर ने बिना वक्त गंवाये कहा, एमएस धोनी। अगर मैं धोनी की कप्तानी में खेलता तो रिकॉर्ड कुछ और होते। लोग कहते हैं धोनी बहुत लक्की है लेकिन मैं कहता हूं कि वह बहुत दिलेर बंदा है। अगर किसी बॉलर को मार पड़ रही है तब भी वह शांत खड़ा रहता है। उसे भरोसा रहता है कि अभी तो इसे मार पड़ रही है लेकिन विकेट भी यही दिलाएगा। उसे रिस्क लेने में मजा आता है। उसे विकेट लेने के लिए रन लुटाने से भी गुरेज नहीं। वह अपने बॉलर को हर एक चीज ट्राई करने की इजाजत देता है। हां, अगर जरूरी होता है तो कुछ मशवरा भी देता है। बॉलर को ऐसी आजादी सिर्फ धोनी जैसे कप्तान से ही मिल सकती है।
"धोनी जैसा कोई और कप्तान नहीं"
शोएब अख्तर ने आगे कहा, ऐसा भी नहीं है कि अगर कोई बॉलर विकेट ले रहा हो तो धोनी सेलिब्रेशन में दौड़ने लगते हैं। वे तब भी शांत रहते हैं क्यों कि वे जानते हैं कि मैच अभी खत्म नहीं हुआ। कप्तान के रूप में धोनी अपने गेंदबाज का हमेशा समर्थन करते हैं। जब कि पाकिस्तान में ऐसी दरियादिली नहीं है। यहां का मैनेजमेंट प्यार से काम कराने में यकीन नहीं रखता। खुदा न खास्ते अगर किसी मैच में आपका खेल खराब हो गया तो हर निगाह आपको मुजरिम की तरह देखने लगती है। सजा मिलने में भी देर नहीं लगती। जब कि धोनी खिलाड़ियों की क्लास जानते हैं और एक दो मैचों के आधार पर उसे फ्लॉप या हिट करार नहीं देते। वे जिसे टैलेंटड खिलाड़ी मानते हैं उसे लगातार मौका देते हैं। धोनी की यह क्वालिटी ही उन्हें दुनिया के बाकी कप्तान से अलग करती है। दुनिया के सबसे तेज गेंदबाज रहे शोएब अख्तर की राय से धोनी की खूबियों का अंदाजा लगाया जा सकता है।
धोनी को चेहरे से पढ़ना नामुमकिन
रिकी पोंटिग को ऑस्ट्रेलिया के सबसे सफल कप्तानों में एक माना जाता है। उन्होंने एक बार कहा था, धोनी अपनी भावनाओं पर गजब का नियंत्रण रखते हैं। एक कप्तान के लिए यह जरूरी गुण है। अगर आप शांत रहते हैं तो विरोधी टीम को आपकी अगली रणनीति के बारे में पता नहीं चल पाता। बल्लेबाज ये अंदाजा नहीं लगा पाता कि विरोधी टीम का कप्तान आखिर सोच क्या रहा है। लेकिन जब मैं कप्तान था तब ऐसा नहीं कर सका। धोनी की यह खूबी सबसे अलग है। पाकिस्तानी दिग्गज इमरान खान ने भी कहा था अगर मैं और धोनी एक टीम में होते तो कप्तानी के लिए मैं धोनी को अपने ऊपर वरियता देता।
सिर्फ दो महीना क्रिकेट खेलते हैं फिर भी लोकप्रिय
धोनी अब साल में सिर्फ दो महीने ही क्रिकेट खेलते हैं। सिर्फ आइपीएल में। उम्र अधिक होने के बाद भी उनकी हिटिंग एबिलिटी कम नहीं हुई है। राजस्थान के खिलाफ उन्होंने 17 गेंदों पर 32 रन बनाये थे जिसमें एक चौका और 3 छक्के शामिल थे। हालांकि यह मैच चेन्नई नहीं जीत सका लेकिन धोनी ने अपनी पावर हिटिंग की क्षमता दिखा दी थी। वे दर्द से परेशान थे लेकिन फिर भी बड़े शॉट्स खेलने से नहीं चूके। धोनी आइपीएल के अंतिम ओवर में सबसे अधिक छक्का लगाने वाले बल्लेबाज हैं। आइपीएल के 20वें ओवर में उन्होंने अभी तक 57 छक्के लगाये हैं जो कि प्रतियोगिता का एक नया रिकॉर्ड है। इस मामले में आइपीएल का कोई अन्य बल्लेबाज उनके आसपास भी नहीं है। दूसरे स्थान पर किरोन पोलार्ड हैं जिन्होंने 33 छक्का मारे थे। हालांकि अब वे रिटायर हो चुके हैं। धोनी कप्तान और खिलाड़ी के रूप में आज भी सबसे लोकप्रिय हैं।












Click it and Unblock the Notifications