DC vs SRH: 'डेविड वॉर्नर को कप्तानी से हटा देना चाहिए', दिल्ली की हार के बाद फूटा हरभजन सिंह का गुस्सा
Delhi Capitals vs Sunrisers Hyderabad, Harbhajan Singh : सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स को शनिवार रात हार का सामना करना पड़ा। दिल्ली इस मुकाबले में काफी अच्छी पोजिशन पर थी।

DC vs SRH, 40th Match, Indian Premier League 2023: दिल्ली कैपिटल्स के लिए आईपीएल का 16वां सीजन बेहद खराब गुजरा है। टीम ने अब तक 8 मैच खेले हैं, इनमें से 6 मुकाबलों में टीम को हार का मुंह देखना पड़ा है। दिल्ली की सबसे बड़ी समस्या बल्लेबाजा का आउट ऑफ फॉर्म होना है। दिल्ली के लिए मिडल ऑर्डर का कोई भी बल्लेबाज अब तक रन बनाने में सफल नहीं रहा है।
अच्छी शुरुआत के बाद भी हार: 198 रनों का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम ने 10 ओवर में ही 100 से अधिक रन बना लिए थे। दिल्ली के लिए फिलिप साल्ट ने आईपीएल करियर का पहला अर्धशतक जड़ा। इसके अलावा मिचेल मार्श ने भी 50 रनों की शानदार पारी खेली। इसके बावजूद दिल्ली की टीम यह मुकाबला जीतने में कामयाब नहीं हो सकी।
वॉर्नर की कप्तानी पर उठे सवाल: दिल्ली की हार के बाद भारत के दिग्गज क्रिकेटर और कमेंटेटर हरभजन सिंह ने डेविड वॉर्नर की कप्तानी पर निशाना साधा है। दिल्ली ने इस सीजन कई ऐसे फैसले लिए हैं जो टीम के लिए नुकसानदायक रहा है। अपने यूट्यूब चैनल पर हरभजन सिंह ने दिल्ली की खराब खेल के लिए डेविड वॉर्नर को जिम्मेदार ठहराया है।
दिल्ली की वापसी मुश्किल: हरभजन सिंह के मुताबिक दिल्ली के लिए अब इस सीजन वापसी करना मुश्किल है। दिल्ली के कप्तान डेविड वॉर्नर ने टीम को फायदे की जगह नुकसान पहुंचाया है। मुझे नहीं लगता कि दिल्ली की टीम वापसी कर सकती है और इसका पूरा कारण कप्तान हैं। उन्होंने टीम का अच्छी तरह से नेतृत्व नहीं किया।
स्लो बल्लेबाजी को लेकर कही यह बात: हैदराबाद के खिलाफ डेविड वॉर्नर खाता खोले बिना आउट हो गए। लेकिन इससे पहले के मुकाबलों में वॉर्नर ने बल्ले से टीम के लिए रन बनाए थे। वह इस सीजन दिल्ली के लिए सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज है। हालांकि, इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट बेहद कम रहा है।
अक्षऱ पटेल को मिलनी चाहिए कप्तानी: हरभजन सिंह के मुताबिक दिल्ली की टीम को डेविड वॉर्नर की जगह अक्षर पटेल को कप्तानी सौंप देनी चाहिए। अक्षर पटेल ने गेंद और बल्ले दोनों के साथ ही दिल्ली के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। हरभजन के मुताबिक आईपीएल के लीग चरण के बाकी बचे मैचों में अक्षर पटेल को दिल्ली की कप्तानी करनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications