ब्रायन लारा चाहते हैं बड़े ऑलराउंडर बनें वाशिंगटन सुंदर, टॉप ऑर्डर में भेजने को बताया पैनिक बटन दबाने जैसा
SRH के मुख्य कोच ब्रायन लारा ने कहा कि, 'वाशिंगटन सुंदर भविष्य में टीम के लिए एक बड़े ऑलराउंडर बनेंगे, लेकिन इसमें थोड़ा समय लगेगा। अगर हम उनको तुरंत बैटिंग ऑर्डर में ऊपर भेज देंगे तो ये पैनिक बटन दबाने जैसा होगा।'

IPL 2023: सनराइजर्स हैदराबाद ने इस सीजन में अब तक 6 मैच खेले हैं, जिनमें सिर्फ दो में जीत दर्ज की है, जबकि चार मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। एसआरएच प्वॉइंट्स टेबल में 9वें स्थान पर है। हालांकि, टीम की रणनीति में लगातार बदलाव किए जा रहे हैं। इस बीच SRH के मुख्य कोच ब्रायन लारा ने कहा कि वाशिंगटन सुंदर भविष्य में टीम के लिए एक बड़े ऑलराउंडर बनेंगे, लेकिन इसमें थोड़ा समय लगेगा।
वाशिंगटन सुंदर बनेंगे एक बड़े ऑलराउंडर, लेकिन समय लगेगा- ब्रायन लारा
दरअसल, सीएसके बनाम एसआरएच मुकाबले के बाद जब प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ब्रायन लारा से वॉशिंगटन सुंदर को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि, वॉशिंगटन सुंदर युवा खिलाड़ी हैं, जो गेंद और बल्ले दोनों से टीम के लिए काफी महत्वपूर्ण हैं, लेकिन हमारे पास ऐसे खिलाड़ी हैं जो टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी कर सकते हैं। हम ये जरूर चाहते हैं कि वो एक बड़े ऑलराउंडर बनें, लेकिन उसमें अभी समय लगेगा। अगर हम उनको तुरंत बैटिंग ऑर्डर में ऊपर भेज देंगे तो ये पैनिक बटन दबाने जैसा होगा।
खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं सुंदर
आईपीएल के इस सीजन में सुंदर बेहतरीन फॉर्म में नहीं रहे हैं, क्योंकि उन्होंने चार पारियों में नौ के औसत से सिर्फ 36 रन बनाए हैं। 23 वर्षीय युवा खिलाड़ी ने इस सीजन में भी विकेटकीपिंग की हैं। शुक्रवार के मैच में सुंदर केवल नौ रन ही बना सके। हालांकि, लारा ने सुंदर के साथ धैर्य रखने की बात कही है।
मयंक अग्रवाल के बैटिंग ऑर्डर पर आकाश चोपड़ा ने उठाए सवाल
वहीं दूसरी ओर आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए वीडियो में सनराइजर्स हैदराबाद की रणनीति पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा, 'जब हैदराबाद को बल्लेबाजी के लिए कहा गया तो उन्होंने कुछ अलग किया और क्योंकि उन्हें अलग करने की जरूरत थी। पिछले मैच में उन्होंने उमरान मलिक को ड्रॉप कर दिया था और यहां पर मयंक अग्रवाल को बैटिंग ऑर्डर में नीचे के क्रम पर पहुंचा दिया।
उन्होंने कहा कि, 'मयंक अग्रवाल को छठे नंबर पर भेजने के पीछे का लॉजिक क्या है, मुझे तो नहीं पता कि आखिर क्यों ये फैसला लिया गया? अभिषेक शर्मा से ओपन कराया गया और उन्होंने अच्छा काम किया। इन पिचों पर हैरी ब्रूक को रन बनाने में दिक्कतें आएंगी।'












Click it and Unblock the Notifications