CSK vs PBKS: लिविंगस्टोन, करन और जितेश की आंधी में उड़ी चेन्नई, अंतिम गेंद पर पंजाब ने जीता मैच
CSK vs PBKS: पंजाब किंग्स को अंतिम गेंद पर जीतने के लिए 3 रनों की दरकार थी, इसके बाद सिकन्दर रजा ने मुकाबला समाप्त कर दिया।

CSK vs PBKS: पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को रोमांचक मैक में 4 विकेट से हरा दिया। पहले खेलते हुए चेन्नई ने 4 विकेट पर 200 रन बनाये। पंजाब ने जवाब में खेलते हुए 6 विकेट पर 201 रन बनाकर मैच जीत लिया। पंजाब ने अंतिम गेंद पर जरूरी 3 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने बेहतरीन शुरुआत की। ऋतुराज गायकवाड़ और डेवोन कॉनवे ने मिलकर धमाकेदार बल्लेबाजी की और पहले विकेट के लिए 86 रन जोड़े। गायकवाड़ इस दौरान 37 के स्कोर पर आउट हो गए। उनके बाद शिवम दुबे ने 28 रन बनाये।
डेवोन कॉनवे ने एक छोर पर टिककर खेलते हुए सीजन की पांचवीं फिफ्टी जड़ी। उनसे पहले इस सीजन फाफ डू प्लेसी और कोहली ने ही ऐसा किया था। कॉनवे ने 52 गेंदों का सामना करते हुए 92 रनों की नाबाद पारी खेली। उनके अलावा धोनी ने अंत में 2 लगातार छक्के जड़कर धमाका कर दिया और चेन्नई को 4 विकेट पर 200 तक पहुंचा दिया।
जवाब में खेलते हुए पंजाब की तरफ से भी अच्छी शुरुआत देखने को मिली। प्रभसिमरन सिंह और शिखर धवन ने धाकड़ बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए पहले विकेट के लिए 50 रन जोड़े। धवन 15 गेंदों में 28 और प्रभसिमरन 24 गेंदों में 42 रन बनाकर आउट हो गए। अथर्व तायडे का बल्ला नहीं चला, वह 13 पर चलते बने।
सैम करन और लिविंगस्टोन ने मिलकर धमाकेदार बैटिंग की और पंजाब को स्कोर के करीब लेकर गए। लिविंगस्टोन ने 24 गेंदों में 40 और करन ने 20 गेंदों में 29 रन बनाये। अंत में जितेश शर्मा ने 10 गेंदों में 21 रन की तूफानी पारी खेली।
अंतिम ओवर में पंजाब को 9 रन चाहिए थे। इस दौरान सिकन्दर रजा और शाहरुख़ क्रीज पर थे। दोनों ने 5 गेंदों में 7 रन बनाये। इसके बाद अंतिम गेंद पर 3 रन की दरकार थी और रजा ने 3 रन दौड़कर टीम को मैच जिता दिया। पंजाब की यह पांचवीं जीत है। चेन्नई के लिए तुषार देशपांडे ने 3 और जडेजा ने 2 विकेट झटके।












Click it and Unblock the Notifications