IPL 2023: सनराइजर्स हैदरबाद को मिला नया कप्तान, दिग्गज खिलाड़ी पहले मैच से बाहर
IPL 2023: सनराइजर्स हैदराबाद के लिए दक्षिण अफ्रीका के तीन खिलाड़ी अनुपलब्ध रहेंगे। पहले मैच के बाद ये खिलाड़ी अगले मैचों में खेलते हुए दिखाई देंगे।

IPL 2023: आईपीएल में कुछ विदेशी खिलाड़ी अपनी टीमों से नहीं जुड़ पाये हैं। इनमें सनराइजर्स हैदराबाद में एडेन मार्करम का नाम भी शामिल है। मार्करम अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं के कारण फ़िलहाल भारत नहीं आ पाये हैं। दक्षिण अफ़्रीकी टीम नीदरलैंड्स के खिलाफ तीन वनडे की सीरीज का दूसरा और तीसरा मुकाबला खेलेगी। दोनों मुकाबले पुनर्निर्धारित किये गए हैं। उनमें खेलने के लिए दक्षिण अफ्रीका की टीम नीदरलैंड्स गई है। ऐसे में हैदराबाद की टीम पहले मुकाबले के लिए किसी अन्य कप्तान के साथ मैदान पर उतरेगी।
आईसीसी वर्ल्ड कप में डायरेक्ट क्वालिफिकेशन के लिए दक्षिण अफ्रीका के लिए नीदरलैंड्स के खिलाफ मुकाबले अहम हैं। ऐसे में उनका प्रयास है कि किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए। इस वजह से मार्करम आईपीएल के पहले मैच में नहीं खेलेंगे। उनके स्थान पर भुवनेश्वर कुमार टीम की कमान संभालेंगे। सनराइजर्स हैदराबाद का पहला मुकाबला राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 2 अप्रैल को होना है और एडेन मार्करम 3 अप्रैल को भारत आएँगे।
पिछले साल हैदरबाद की टीम तालिका में आठवें स्थान पर रही, इसके बाद काफी बदलाव देखने को मिले। कई खिलाड़ी बदले गए। मार्कराम को कप्तान बना दिया गया। विलियमसन इस बार गुजरात के लिए खेलेंगे। इस तरह टीम को पूरी तरह बदलते हुए एक नए जोश के साथ नई रणनीति बनाने का प्रयास हैदराबाद ने किया है।
मार्करम के लिए पिछला सीजन काफी अच्छा रहा था। उनके बल्ले से 14 मैचों में 381 रन आये थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 140 के करीब रहा था। हाल ही में दक्षिण अफ्रीका में हुई लीग में उन्होंने सनराइजर्स ईस्टर्न का नेतृत्व किया था। उसमें भी उनके बल्ले से 369 रन आये थे। वह बेहतरीन फॉर्म में दिख रहे हैं। इस सीजन मार्करम सनराइजर्स हैदराबाद के लिए एक अहम बल्लेबाज साबित हो सकते हैं।
मार्करम के अलावा हेनरिक क्लासेन और मार्को यानसेन भी सनराइजर्स हैदराबाद के पहले मैच में नहीं खेलेंगे। ये खिलाड़ी भी अनुपलब्ध होंगे। हैरी ब्रूक, ग्लेन फिलिप्स, आदिल राशिद, फजलहक फारुखी और अकील होसैन जैसे खिलाड़ी खेलने के लिए उपलब्ध रहेंगे। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबला हैदराबाद के लिए आसान नहीं होगा।












Click it and Unblock the Notifications