IPL 2023: आईपीएल में इस सीजन के 6 हीरो जो बन गये जीरो
आईपीएल 2023 में कुछ खिलाड़ियों से उम्मीदें काफी ज्यादा थीं लेकिन उनके प्रदर्शन ने फैन्स को निराश कर दिया।

IPL 2023 की लोकप्रियता आसमान छू रही है। इस प्रतियोगिता में कई नये सितारे उभरे तो कई पुराने सितारे डूब गये। वैसे तो कई बड़े खिलाड़ियों ने खेल प्रेमियों को निराश किया लेकिन इनमें 6 की नाकामी बहुत हैरान करने वाली है। बेन स्टोक्स, जोफ्रा आर्चर, जोस बटलर, आंद्रे रसेल, दिनेश कार्तिक और हैरी ब्रुक का रुतबा किसी हीरो से कम नहीं। लेकिन ये आइपीएल 2023 में जीरो साबित हुए। इनकी टीमों की इसलिए दुर्गति हुई क्यों कि के अपने नाम के अनुरूप नहीं खेल पाये।
IPL 2023 फाइनल के बाद होगा एशिया कप के वेन्यू का फैसला, नजर गड़ाए बैठा पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड
जोस बटलर- जीरो का नया रिकॉर्ड
आइपीएल 2022 के हीरो जोस बटलर 2023 में बुरी तरह फलॉप रहे। जिस खिलाड़ी ने पिछली प्रतियोगिता में पांच शतक बनाये थे उसने इस साल पांच 0 बनाये। ऐसा उल्टा परिणाम आज तक नहीं देख गया। बटलर ने जीरो पर आउट होने का नया आइपीएल रिकॉर्ड बना लिया। कोई सफल खिलाड़ी इस कदर भी नाकाम हो सकता है, किसी ने ये कल्पना भी नहीं की थी। जोस बटलर की नाकामी राजस्थान रॉयल्स को ले डूबी। यशस्वी जायसवाल, संजू सैमसन, शिमरोन हेटमायर और ध्रुव जुरेल जैसे खिलाड़ियों के दम पर राजस्थान ने बेहतर शुरुआत की थी। लेकिन सलामी बल्लेबाज जोस बटलर, टीम की कमजोर कड़ी साबित हुए। उनका विकेट जल्द गिर जाने से टीम दबाव में आ गयी और टूर्नामेंट के दूसरे हाफ में राजस्थान लगातार पिछड़ता चला गया। पिछले साल फाइनल खेलने वाली राजस्थान की टीम इस बार प्लेऑफ में भी नहीं जा सकी। टी-20 विश्व विजेता टीम के कप्तान की यह फजीहत आश्चर्यजनक है।
बेन स्टोक्स और आर्चर की नाकामी
इंग्लैंड की टेस्ट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स की इज्जत भी इस प्रतियोगिता में डूब गयी। चेन्नई ने उन्हें 16.25 करोड़ की मोटी रकम में उन्हें खरीदा था। लेकिन यह महंगा खिलाड़ी टीम पर एक तरह से बोझ ही रहा। स्टोक्स चेन्नई के लिए सिर्फ 2 मैच खेले। इन मैचों में उनका प्रदर्शन बेहद खराब रहा। दो मैचों में स्टोक्स ने कुल 15 रन बनाये। एक ओवर गेंदबाजी की जिसमें 18 रन लुटाये। स्टोक्स की कप्तानी और बैजबॉल की रणनीति ने 2022 में एक क्रांति ला दी थी। तब स्टोक्स ने बड़ी-बड़ी बाते की थीं। लेकिन आइपीएल 2023 उनके लिए एक बुरा सपना साबित हुआ। खराब प्रदर्शन का धब्बा लिये वे इंग्लैंड लौट गये। कहा जा रहा है उन्हें आयरलैंड के खिलाफ इंग्लैंड की कप्तानी करनी है। क्या वे कप्तानी के लिए फिट हो गये हैं ? अगर फिट हैं तो चेन्नई के लिए केवल 2 मैच ही क्यों खेले ? इसी तरह इंग्लैंड के और बड़े खिलाड़ी जोफ्रा आर्चर ने भी खेल प्रेमियों को बहुत निराश किया। इस सीजन उन्होंने मुम्बई के लिए सिर्फ 5 मैच खेले और 2 विकेट लिये। वे भी मुम्बई को बीच मझधार में छोड़ कर इंग्लैंड लौट गये थे।
फीके रहे आंद्रे रसेल और दिनेश कार्तिक
कोलकाता के आंद्रे रसेल की विध्वंसक बल्लेबाजी कभी आइपीएल का सबसे बड़ा आकर्षण हुआ करती थी। लेकिन इस बार उनकी बल्लेबाजी बहुत फीकी रही। ऐसा लगता है अब उनमें मैच जिताऊ पारी खेलने की क्षमता नहीं रही। आंद्रे रसेल आइपीएल 2023 में कुल 14 मैच खेल कर केवल 227 रन ही बना सके। उनकी गेंदबाजी भी बहुत साधारण और खर्चीली रही। उन्होंने 14 मैचों में 7 विकेट लिये और उनका इकोनॉमी रेट 11.34 रही। अगर आंद्रे रसेल, रिंकू सिंह का साथ दे पाये होते तो कोलकाता प्ले ऑफ में पहुंच गयी होती। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के दिनेश कार्तिक की भी यही कहानी रही। 2022 में 36 साल के कार्तिक ने डेथ ओवरों में ऐसी तूफानी बल्लेबाजी की थी कि उन्हें भारत की टी-20 विश्वकप टीम में चुन लिया गया था। लेकिन इस साल वे 13 मैचों में सिर्फ 140 रन ही बना पाये। इनका स्ट्राइक रेट (134.62) भी साधारण रहा।
हैरी ब्रुक- नाम बड़े और दर्शन छोटे
आइपीएल 2023 में इंग्लैंड के फ्लॉप होने वाले चौथे खिलाड़ी रहे हैरी ब्रुक। टेस्ट क्रिकेट में तूफानी बैटिंग से सुर्खियां बटोरने वाले हैरी ब्रुक आइपीएल में कोई कमाल नहीं कर सके। एक शतक जरूर लगाया लेकिन फिर कोई बड़ी पारी नहीं खेल सके। उनके खराब फॉर्म के कारण हैदराबाद ने टीम से उन्हें ड्रॉप भी किया। 11 मैचों में ब्रुक ने केवल 190 रन बनाये जिसमें शतक भी शामिल है। यानी 10 मैचों में उन्होंने सिर्फ 90 रन बनाये। हैदराबाद के लिए ब्रुक को 13.25 करोड़ में खरीदना बहुत घाटे का सौदा साबित हुआ।












Click it and Unblock the Notifications