150kph की रफ्तार, कौन होगा अगला शिकार, उमरान मलिक ने लिया विराट कोहली का नाम
नई दिल्ली: सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज उमरान मलिक की खास चर्चा है क्योंकि वे आईपीएल 2022 के सीजन में सबसे तेज गति से बॉलिंग कर रहे हैं और अपनी टीम को मैच जिताने वाले स्पैल भी फेंक रहे हैं। 150kph की बॉलिंग पर बल्लेबाज अक्सर गेंदबाज से बचते हुए ही दिखाई देते हैं। हालांकि कई बार लाइन लेंथ खराब होने के चलते इस रफ्तार पर खूब रन पड़ सकते हैं लेकिन थोड़ी सी भी विकेट की लाइन पर की गई बॉलिंग इस रफ्तार पर बल्लेबाजों के डंडे उड़ाती रहती है और मलिक इस समय वही कर रहे हैं।

मलिक पिछले दो मुकाबलों में अलग गेंदबाज बनकर उभरे
शुरुआती मुकाबलों में छककर रन लुटाने के बाद मलिक पिछले दो मुकाबलों में अलग गेंदबाज बनकर उभरे हैं। उन्होंने अपने पिछले मैच में चार विकेट हासिल किए थे और पारी का अंतिम ओवर मेडन फेंकने का कारनाम किया था। उस ओवर में पूरे चार विकेट गिरे थे। वह मुकाबला पंजाब किंग्स के खिलाफ था। इरफान पठान, लसिथ मलिंगा और जयदेव उनादकट जैसे बॉलरों के बाद मलिक ऐसे चौथे बॉलर बन गए थे जिन्होंने आईपीएल में 20वां ओवर मेडन फेंका था।

मेरा प्रयास विराट कोहली को आउट करने का होगा
जब मलिक से पूछा गया कि वह प्रतियोगिता में किस बल्लेबाज के सामने बॉलिंग करना पसंद करेंगे तो उन्होंने विराट कोहली और केएल राहुल का नाम लिया। स्पोर्ट्स तक से बातचीत के दौरान मलिक ने बताया कि वे राहुल को आउट करना चाहते थे। उन्होंने पिछले मुकाबले में यह आउट करने का प्रयास किया। अब अगला मैच आरसीबी के साथ है तो मेरा प्रयास विराट कोहली को आउट करने का होगा। मैं इन दोनों खिलाड़ियों का बड़ा फैन हूं। मैं केवल 100 प्रतिशत दे सकता हू, बाकि सब ऊपरवाले के हाथ में हैं।

विराट कोहली भी इस बॉलर की तारीफ कर चुके हैं
मलिक ने सनराइजर्स हैदराबाद के नेट बॉलर के तौर पर अपनी यात्रा की शुरुआत की थी। बाद में वे टी नटराजन की जगह पर टीम में आए। वे अभी तक इस सीजन में 153 की स्पीड निकाल चुके हैं।
यहां तक विराट कोहली भी इस बॉलर की तारीफ कर चुके हैं। उन्होंने पिछले सीजन के बाद कहा था कि, जब भी आप इस तरह की प्रतिभा को देखते हैं, आपकी नजरें उन पर रहती हैं और ध्यान इस बात पर होता है कि वे अपनी क्षमता का पूरा उपयोग कर पाएं।
मलिक को बाद में टी20 वर्ल्ड कप के लिए गई भारतीय टीम में नेट बॉलर के तौर पर शामिल किया गया था। उनको आईपीएल के नए सीजन के लिए सनराइजर्स हैदराबाद ने रिटेन कर लिया था।












Click it and Unblock the Notifications