आखिरी ओवर में ऋषभ पंत ने खेल भावना को पहुंचाई ठेस, 3 साल पहले धोनी ने भी किया था कुछ ऐसा
नई दिल्ली, अप्रैल 23। आईपीएल के 34वें मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ दिल्ली की टीम को 15 रन से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में दिल्ली की पारी के आखिरी ओवर में एक जबरदस्त हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जिसने खेल भावना को नुकसान पहुंचाया। खेल भावना को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगा है दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत पर, जिन्होंने खेल में विघ्न डाला।

क्या हुआ आखिरी ओवर में?
दरअसल, दिल्ली की पारी के आखिरी ओवर में टीम को 36 रन की जरूरत थी यानि कि 6 गेंदों में 6 छक्के चाहिए थे। स्ट्राइक पर वेस्टइंडीज के धाकड़ बल्लेबाज रोवमैन पॉवेल थे, जिन्होंने पहली तीन गेंदों पर तीन जबरदस्त छक्के जड़ दिए। हर किसी को लगने लगा कि वो 6 छक्के लगा सकते हैं, लेकिन तीसरी गेंद पर जब उन्होंने छक्का जड़ा तो मैच में खलल पड़ गया। दरअसल, पॉवेल ने जिस तीसरी गेंद पर छक्का मारा था वो उनकी कमर से थोड़ी उपर थी, लेकिन ग्राउंड अंपायर ने उसे नो बॉल करार नहीं दिया।

ऋषभ पंत ने खिलाड़ियों को बुलाने का किया इशारा
टीवी रिप्ले में देखा गया कि वो बॉल कमर से उपर थी और नो बॉल थी, लेकिन ग्राउंड अंपायर ने उस पर विचार नहीं किया। यह सब देख ऋषभ पंत ने अपना आपा खो दिया और उन्होंने पॉवेल और कुलदीप यादव को मैदान से बाहर बुलाने का इशारा करना शुरू कर दिया। यह नजारा देख हर कोई हैरान हो गया कि यह पंत क्या कर रहे हैं। काफी देर तक यही ड्रामा चलता रहा। आखिरी में शेन वॉटसन ने आकर पंत को समझाया और फिर प्रवीण तांबे ने ग्राउंड पर जाकर स्थिति को संभाला तब कहीं जाकर मैच फिर से शुरू हुआ, लेकिन तब तक पॉवेल का वोो मोमेंटम टूट चुका था।

3 साल पहले धोनी ने भी किया था कुछ ऐसा
- आपको बता दें कि ऋषभ पंत के इस ड्रामे को देखने के बाद 3 साल पहले की यादें ताजा हो गईं, जब चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान एमएस धोनी ने भी कुछ ऐसा ही किया था। धोनी तो उस वक्त ग्राउंड के अंदर तक चले गए थे और अंपायर से काफी बहस हुई थी। यह बात अप्रैल 2019 की है जब राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ ही मैच में धोनी को गुस्सा आ गया था।
- उस वक्त भी नो बॉल पर विवाद हुआ था तो धोनी आगबबूला होते हुए मैदान के अंदर तक आ गए थे और अंपायर नितिन मेनन से काफी देर तक बहस हुई थी। अंपायर नितिन मेनन ने उस मैच में एक बॉल को नो बॉल करार देने के लिए अपना हाथ उठाया था, लेकिन लेग अंपायर की ओर देखने के बाद तुरंत हाथ नीचे कर लिया था। इसी को लेकर धोनी और अंपायर के बीच विवाद हुआ था। धोनी पर उस वक्त जुर्माना भी लगा था।












Click it and Unblock the Notifications