RCB vs PBKS: पंजाब के लिये मयंक अग्रवाल ने जीता टॉस, जानें कैसी है दोनों टीमों की प्लेइंग 11
नई दिल्ली। दुनिया की सबसे मशहूर और अमीर फ्रैंचाइजी क्रिकेट लीग आईपीएल के 15वें सीजन का आगाज हो गया है जिसका तीसरा मैच मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम के बीच खेला जा रहा है। आईपीएल 2022 में इस सीजन 10 टीमें हिस्सा लेती नजर आ रही हैं, जिसमें 10 में से 9 ऐसे कप्तान हैं जिन्होंने एक बार भी आईपीएल का खिताब नहीं जीता है। आईपीएल के पहले मैच में श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली केकेआर की टीम ने रविंद्र जडेजा की सीएसके को हराया।

अब तीसरे मैच में मयंक अग्रवाल की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स का सामना फाफ डुप्लेसिस की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से हो रहा है जिसमें 9 सीजन के बाद पहली बार विराट कोहली बतौर खिलाड़ी खेलते नजर आयेंगे। दोनों टीमों के बीच खेले गये हेड टू हेड मुकाबलों की बात करें तो पंजाब किंग्स की टीम ने 15 बार जीत हासिल की है तो वहीं पर आरसीबी की टीम ने 13 बार मैच को अपने नाम किया है।
और पढ़ें: 3 मौके जब भारत के लिये विलेन साबित हुई नो बॉल, आईसीसी खिताब से किया दूर

मयंक अग्रवाल ने जीता टॉस, पहले बल्लेबाजी करेगी आरसीबी
डीवाई पाटिल स्टेडियम पर खेले जा रहे इस मैच में पंजाब किंग्स के नये कप्तान मयंक अग्रवाल ने टॉस जीता है और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने के फैसले पर बात करते हुए मयंक अग्रवाल ने कहा कि पिच बल्लेबाजी के लिये अच्छी नजर आ रही है लेकिन दूसरी पारी में ओस को देखते हुए हम गेंदबाजी का फैसला कर रहे हैं। वहीं पर फाफ डुप्लेसिस ने भी कहा कि वो भी गेंदबाजी करने की ओर देख रहे थे लेकिन यह आपके हाथ में नहीं होता है तो वो किसी भी परिस्थिति के लिये तैयार थे।

किन विदेशी खिलाड़ियों की दी है जगह
आईपीएल 2022 के तीसरे मैच में पंजाब किंग्स की टीम ने सिर्फ 3 विदेशी खिलाड़ियों को मौका दिया है और टीम में लियाम लिविंगस्टोन, भानुका राजपक्षे और ओडिन स्मिथ को खिलाया है तो वहीं पर आरसीबी की टीम अपने चारों विदेशी खिलाड़ियों के साथ उतरी है। आरसीबी की टीम ने फाफ डुप्लेसिस, वनिंदु हसरंगा, शेरफेन रदरफोर्ड और डेविड विली को शामिल किया है। आरसीबी के लिये मैक्सवेल तो वहीं पर पंजाब किंग्स के लिये बेयरस्टो और कगिसो रबाडा टीम के ओपनिंग मैच के लिये उपलब्ध नहीं हैं।

ऐसी है दोनों टीमों की प्लेइंग 11
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (प्लेइंग इलेवन): फाफ डु प्लेसिस (सी), विराट कोहली, अनुज रावत, दिनेश कार्तिक (डब्ल्यू), शेरफेन रदरफोर्ड, शाहबाज अहमद, वनिन्दु हसरंगा, डेविड विली, हर्षल पटेल, आकाश दीप, मोहम्मद सिराज।
पंजाब किंग्स (प्लेइंग इलेवन): मयंक अग्रवाल (सी), शिखर धवन, लियाम लिविंगस्टोन, भानुका राजपक्षे (डब्ल्यू), शाहरुख खान, ओडियन स्मिथ, राज बावा, अर्शदीप सिंह, हरप्रीत बराड़, संदीप शर्मा, राहुल चाहर।












Click it and Unblock the Notifications