खराब अंपायरिंग ने फिर डुबोई दिल्ली कैपिटल्स की नैया, बल्ले में नहीं लगी गेंद फिर भी मार्श को दिया आउट
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 45वां मैच दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपरजाएंटस के बीच खेला गया, जहां पर आखिरी ओवर के रोमांच में लखनऊ सुपरजाएंटस की टीम ने 6 रनों से मैच को जीत लिया। लखनऊ सुपरजाएंटस की टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर्स में 3 विकेट खोकर 195 रनों का स्कोर खड़ा किया जिसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की टीम 7 विकेट खोकर 189 रन ही बना सकी। दिल्ली कैपिटल्स की टीम भले ही इस मैच में 6 रन से जीत हासिल करने में चूक गई हो लेकिन उसकी हार की वजह बल्लेबाजों का खराब प्रदर्शन नहीं बल्कि अंपायरिंग के खराब नतीजे रहे।

आईपीएल 2022 में अंपायरिंग का स्तर काफी नीचे देखने को मिला है जिसके चलते दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेले गये मैच में विवाद भी देखने को मिला था। हालांकि लखनऊ के खिलाफ खेले गये इस मैच में अंपायरिंग का एक खराब फैसला दिल्ली कैपिटल्स के लिये हार की वजह बन गया।
और पढ़ें: कप्तान बदलते ही जीत की राह पर लौटी चेन्नई सुपर किंग्स, मुकेश-गायकवाड़ के दम पर हैदराबाद को हराया

पंत-मार्श ने कराई दिल्ली की वापसी
196 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने महज 13 रन के स्कोर पर अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों का विकेट खो दिया और पहले 3 ओवर में 2 विकेट खोकर सिर्फ 13 रन ही बना सकी। यहां पर ऋषभ पंत (44) ने मिचेल मार्श (37) के साथ मिलकर काउंटर अटैक करना शुरू किया और पावरप्ले के अगले 3 ओवर्स में 53 रन बना डाले। दिल्ली कैपिटल्स के लिये इस जोड़ी ने महज 24 गेंदों में 60 रन बना डाले और जब लगा कि दिल्ली कैपिटल्स की टीम मैच में जीत हासिल कर सकती है, तभी खराब अंपायरिंग के चलते मिचेल मार्श को वापस पवेलियन जाना पड़ा।

खराब अंपायरिंग ने मार्श को भेजा पवेलियन
कृष्णप्पा गौथम 8वां ओवर लेकर आये जिसकी पहली गेंद पर विकेट के पीछे कैच आउट की जोरदार अपील की गई और अंपायर ने भी आउट दे दिया। अंपायर के आउट देने पर मिचेल मार्श ने फैसले पर रिव्यू नहीं लिया और वापस पवेलियन लौट गये। वहीं आउट होने के बाद जब रिप्ले देखा गया तो साफ नजर आया कि गेंद उनके बल्ले या किसी और चीज से लगकर नहीं गई है और उन्हें बेवजह आउट दिया गया है।

टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ मार्श का विकेट
गौरतलब है कि आईपीएल 2022 में मिचेल मार्श पहली बार अच्छी लय में नजर आ रहे थे और महज 19 गेंदों में 3 चौके और 3 छक्के की मदद से 37 रनों की पारी खेल चुके थे। दिल्ली कैपिटल्स के लिये मिचेल मार्श का यह विकेट मैच का टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ और वो जीत की दहलीज पर पहुंची जरूर लेकिन अपनी टीम के लिये जीत हासिल नहीं कर सकी।












Click it and Unblock the Notifications