GT vs MI : मुंबई ने आखिरी गेंद पर जीता मैच, गुजरात को 5 रनों से हराया

मुंबई : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 के 51वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस को एक रोमांचक मुकाबले में मुंबई इंडियंस के हाथों 5 रनों से हार का सामना करना पड़ा है। यह गुजरात की लक्ष्य का पीछा करते हुए पहली हार रही है। आखिरी गेंद पर 6 रनों की जरूरत थी, लेकिन डेविड मिलर हिट नहीं लगा सके। मुंबई के ब्रेबोन स्टेडियम में मुंबई ने 178 रनों का लक्ष्य दिया था, लेकिन गुजरात 5 विकेट खोकर 172 रन बना सकी। यह गुजरात की 11 मैचों में तीसरी हार रही है। वहीं मुंबई को 10 मैचों में दूसरी जीत नसीब हुई है।
यह भी पढ़ें- रोहित ने मारा छक्का तो झूम उठे रणवीर सिंह, दिया ऐसा रिएक्शन (VIDEO)
गुजरात के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर मुंबई को पहले बल्लेबाजी करने का न्याैता दिया। मुंबई ने बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 177 रन बनाए। विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन और रोहित शर्मा ने टीम शानदार शुरूआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 74 रनों की साझेदारी की। पिछले कुछ मैचों से रनों के लिए संघर्ष कर रहा किशन का बल्ला इस मैच में चला, लेकिन वह अर्धशतक लगाने से चूक गए। उन्होंने 29 गेंदों में एक छक्के और पांच चौकों की मदद से 45 रनों की पारी खेली। उनके अलावा टीम डेविड ने 21 गेंदों में नाबाद 44 रन बनाए। कप्तान रोहित शर्मा ने 43 और तिलक वर्मा ने 21 रन का योगदान दिया। सूर्यकुमार ने 13 व किरोन पोलार्ड ने 4 रन बनाए। गुजरात की ओर से गेंदबाजी में राशिद खान ने 4 ओवर में 24 रन देकर 2 विकेट लिए। इसके अलावा अल्जारी जोसेफ, लोकी फर्ग्यूसन और प्रदीप सांगवान ने एक-एक विकेट लिया।

वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टीम की ओर से बल्लेबाजी करते हुए सलामी बल्लेबाज रिद्धिमान साहा और शुभमन गिल ने शानदार अर्धशतक जड़े। हालांकि, दोनों की मेहनत खराब गई। उन्होंने पहले विकेट लिए 106 रनों की साझेदारी। साहा ने 40 गेंदों में 2 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 55 रन बनाए तो गिल ने 36 गेंदों में 52 रन बनाए। उन्होंने 2 छक्के और 6 चौके भी लगाए। उनके अलावा कप्तान हार्दिक पांड्या ही 24 रन बना सके। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज 20 रन का आंकड़ा पार नहीं कर पाया। मुरुगन अश्विन ने 29 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि किरोन पोलार्ड को एक विकेट मिला।












Click it and Unblock the Notifications