IPL की ट्रॉफी लेते वक्त हार्दिक पांड्या ने किया कुछ ऐसा कि धोनी की आ गई याद, जीत लिया फैंस का दिल
नई दिल्ली, मई 30। आईपीएल 2022 का खिताब गुजरात टाइटंस ने अपने नाम कर लिया है। अपने पहले ही सीजन में गुजरात की टीम आईपीएल की नई चैंपियन बन गई है। फाइनल मुकाबले में गुजरात ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से मात देकर खिताब पर कब्जा किया है। गुजरात की इस जीत का सबसे अधिक श्रेय टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या को दिया जा रहा है। पांड्या ने इस पूरे सीजन में अपने खेल और अपनी कप्तानी से टीम के लिए जो योगदान दिया है, उसके बाद से उनकी तुलना अब महेंद्र सिंह धोनी से की जाने लगी है।

हार्दिक पांड्या में दिखी धोनी की छवि!
वैसे अगर आईपीएल के पूरे सीजन में हार्दिक पांड्या के प्रदर्शन और उनकी कप्तानी पर नजर डाली जाए तो कहीं ना कहीं उनके अंदर धोनी की छवि जरूर नजर आती है। पूरे सीजन के दौरान पांड्या ने अपनी गेंदबाजी, बल्लेबाजी, फील्डिंग और कप्तानी से सभी का दिल जीता है। ऐसे में फाइनल मैच जीतने के बाद मैच प्रेजेंटेशन के दौरान हार्दिक पांड्या ने कुछ ऐसा किया, जिसने सभी को धोनी की याद दिला दी।
Recommended Video

क्या समानता दिखी धोनी और पांड्या में?
दरअसल, जब बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली और सचिव जय शाह गुजरात के कप्तान हार्दिक पांड्या को आईपीएल की ट्रॉफी दे रहे थे तो पांड्या ने पहले तो ट्रॉफी को अपने हाथ में लिया और उसके बाद वो ट्रॉफ सीधा अपनी टीम के खिलाड़ियों के हाथ में दे दी। मैच जीतने के बाद अक्सर इस तरह का अंदाज एमएस धोनी का ही नजर आता है। आईसीसी का कोई बड़ा टूर्नामेंट हो या फिर आईपीएल का कोई भी सीजन जब-जब धोनी ने ट्रॉफी जीती है तो वो इसी अंदाज के साथ स्टेज पर नजर आते हैं। अक्सर धोनी ट्रॉफी लेने के बाद उसे अपनी टीम के खिलाड़ियों के हाथ में सौंप देते हैं और खुद साइड में खड़े होकर जश्न मनाते हैं। यही अंदाज आज हार्दिक पांड्या के अंदर भी दिखा।

धोनी को बड़ा भाई मानते हैं पांड्या
आपको बता दें कि हार्दिक पांड्या की तुलना एमएस धोनी से इस आईपीएल में होती रही है। फाइनल में जगह बनाने के बाद पांड्या ने कहा भी था कि वो धोनी को अपना बड़ा भाई मानते हैं। पांड्या ने कहा था कि लोग तो बातें करेंगे ही। यह उनका काम है। मैं कुछ नहीं कर सकता। हार्दिक पंड्या का नाम हमेशा बिकता है और मुझे इससे कोई दिक्कत नहीं है। मैं मुस्कुराकर इसका सामना करता हूं। पांड्या ने आगे कहा था कि माही भाई ने मेरे जीवन में बड़ी अहम भूमिका निभाई है, वह मेरे लिए भाई, दोस्त और परिवार की तरह हैं।

पूरे आईपीएल में हार्दिक पांड्या का प्रदर्शन
आपको बता दें कि हार्दिक की कप्तानी में गुजरात की टीम ने 14 लीग मैचों में से 10 में जीत दर्ज की थी। इन सभी जीते हुए मैचों में हार्दिक ने कभी बल्लेबाजी तो कभी गेंदबाजी से अपना योगदान दिया। पूरे सीजन में हार्दिक पांड्या ने बल्लेबाजी में 44.27 की औसत से 487 रन बनाए हैं। वहीं 8 विकेट उन्होंने अपने नाम किए हैं। इस दौरान पांड्या ने 8.75 की इकोनॉमी से रन दिए हैं।
ये भी पढ़ें: IPL 2022 : गुजरात टाइटंस पर हुई पैसों की बरसात, ये खिलाड़ी अकेले ले गया 6 अवार्ड












Click it and Unblock the Notifications