IPL 2022: KKR ने कुलदीप यादव के साथ क्या सलूक किया था, मोहम्मद कैफ ने किया खुलासा
नई दिल्ली, 29 मार्च: कई बार एक खिलाड़ी का प्रदर्शन इस बात पर भी काफी मायने रखता है कि उसकी टीम उसे किस तरह से रखती हैं। हमने कुलदीप यादव को पिछले कुछ सालों में पतन की ओर जाते हुए देखा लेकिन अब यह गेंदबाज नई टीम के साथ जुड़कर बेहतर प्रदर्शन करने की फिर आगे बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है। कुलदीप ने पिछले दो सीजन में केकेआर के लिए बेंच ही गर्म करने का काम किया है लेकिन अब वे दिल्ली कैपिटल्स की टीम द्वारा खरीदे जा चुके हैं और आईपीएल 2022 के पहले ही मुकाबले में मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच जिताने वाला प्रदर्शन करके मैन ऑफ द मैच भी बन चुके हैं।

KKR के बाद दिल्ली कैपिटल्स ठंडी हवा के झोंके जैसा-
कुलदीप ने अपने पहले मैच में 18 रन देकर 3 विकेट लिए और दिल्ली कैपिटल्स की जीत में रोल अदा किया। 27 साल के कुलदीप ने कई लोगों को प्रभावित किया जिसमें मोहम्मद कैफ भी शामिल हैं। कैफ को लगता है दिल्ली कैपिटल्स के मैनेजमेंट को भी कुलदीप यादव के साथ अच्छे से रहना होगा क्योंकि इस गेंदबाज पर ध्यान देने की जरूरत है। कुलदीप के अंदर मैच ना खेलने की स्थिति में आत्मविश्वास खोने की प्रवृत्ति आ गई है। इसलिए डीसी को यह बात ध्यान में रखनी होगी कि चाइनामैन बॉलर को एक लंबा मौका दिया जाए।

कैफ ने कहा- केकेआर ने कुलदीप को नहीं संभाला
कैफ ने स्पोर्ट्सकीड़ा से बात करते हुए बताया, "कुलदीप यादव एक मैच विजेता हैं। लेकिन वह ऐसे व्यक्ति हैं जिन्हें अच्छी तरह से मैनेज करने की भी आवश्यकता है। वह थोड़ा भावुक होता है और अगर उसे गेंदबाजी नहीं दी जाती है या टीम से बाहर कर दिया जाता है तो वह निराश महसूस करता है।"
कैफ ने आगे कहा कि पिछले कुछ वर्षों में केकेआर ने जिस तरह से टीम के साथ अपने पिछले कार्यकाल में खिलाड़ी को संभाला, वह ठीक नहीं था।

दिनेश कार्तिक, मोर्गन की कप्तानी में जो हुआ...
उसके बारे में बात करते हुए, 41 वर्षीय ने कहा: "जिस तरह से केकेआर में उनके साथ दिनेश कार्तिक और इयोन मोर्गन के अंडर में बर्ताव हुआ, वह ऐसा था कि वे टीम में दिखाई ही नहीं देते थे, जैसे उनको घर पर बैठाने के लिए बुलाया गया है। जब आप इस तरह का व्यवहार करते हैं तो कोई भी मैच विजेता दबाव महसूस करता है।"
कैफ ने अक्षर पटेल के बारे में भी बात की और मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच जीतने वाले प्रदर्शन की तारीफ की। हाल ही में समाप्त हुए खेल में, अक्षर और ललित यादव ने 75 रन की साझेदारी की और अपनी टीम को रोमांचक जीत की ओर ले गए।

दिल्ली कैपिटल्स के अक्षर पटेल से खुश दिखे कैफ-
अक्षर की तुलना रवींद्र जडेजा से करते हुए कैफ ने कहा: "अक्षर पटेल का करियर रवींद्र जडेजा की तरह ही आगे बढ़ रहा है। जब जडेजा नए थे तो अच्छी गेंदबाजी करते थे, लेकिन बाद में ही उनकी बल्लेबाजी में सुधार हुआ। अक्षर के पास शानदार बैट-स्विंग है और वह बुमराह जैसे अच्छे गेंदबाजों को हिट करने की क्षमता रखता है। वह बल्ले से खेल खत्म करने के लिए नहीं जाना जाता है लेकिन वह आत्मविश्वास के साथ और बेहतर होगा। "
आईपीएल 2022 के दूसरे मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को चार विकेट से हरा दिया।












Click it and Unblock the Notifications