IPL 2022 के मेगा ऑक्शन से पहले लखनऊ-अहमदाबाद से जुड़े यह खिलाड़ी, हार्दिक-राहुल बने कप्तान

नई दिल्ली। दुनिया की सबसे मशहूर क्रिकेट टी20 लीग की तैयारियां जोरों पर हैं, जिसके 15वें सीजन में फैन्स को 8 के बजाय 10 टीमें खेलती नजर आयेंगी। बीसीसीआई ने इसी महीने 12 जनवरी को लखनऊ और अहमदाबाद की दो नई टीमों को लेटर ऑफ इंटेट जारी किया था, जिसके बाद दोनों टीमों को मेगा ऑक्शन से पहले रिलीज किये गये खिलाड़ियों की फेहरिस्त में से 3-3 प्लेयर्स ड्रॉफ्ट करने के लिये 22 जनवरी शाम 5 बजे तक का समय दिया गया था। इसके बाद से फैन्स लगातार इस बात पर अटकलें लगा रहे थे कि दोनों टीमें किस खिलाड़ी को अपनी टीम की कमान सौंप सकते हैं, तो वहीं पर रिलीज किये गये किस खिलाड़ी पर मेगा ऑक्शन से पहले पैसों की बरसात हो सकती है।
और पढ़ें: IND vs SA: 2022 में जीत को तरसी भारतीय टीम, टेस्ट के बाद वनडे सीरीज भी जीता साउथ अफ्रीका
इस बीच शुक्रवार (21 जनवरी) को अहमदाबाद और लखनऊ की टीमों ने अपने-अपने चुने हुए 3 खिलाड़ियों के नाम का ऐलान कर दिया है। जहां अहमदाबाद की फ्रैंचाइजी ने अपनी टीम की कमान हार्दिक पांड्या के हाथों में सौंपी है तो वहीं पर लखनऊ की फ्रैंचाइजी ने केएल राहुल को अपनी टीम का कप्तान बनाया है। दोनों टीमें इस सीजन पहली बार आईपीएल में डेब्यू करती हुई नजर आयेंगी।
और पढ़ें: IND vs SA: 3 कारण जिसके चलते लगातार दूसरे मैच में हारा भारत, 2022 में अब तक नहीं मिल सकी है जीत

अहमदाबाद के कप्तान बनें हार्दिक पांड्या
अहमदाबाद की टीम ने आईपीएल के 15वें सीजन के लिये हार्दिक पांड्या के साथ राशिद खान और शुबमन गिल को नीलामी से पहले अपनी टीम के साथ जोड़ा है। अहमदाबाद की फ्रैंचाइजी के निदेशक विक्रम सोलंकी ने इस बात का खुलासा करते हुए बताया कि हार्दिक पांड्या और राशिद खान को टीम ने 15 करोड़ की राशि देकर अपने खेमे में शामिल किया है जबकि शुबमन गिल को 8 करोड़ रुपये के साथ करार किया है। उल्लेखनीय है कि इस ऐलान के साथ साफ हो गया है कि हार्दिक और राशिद आईपीएल में पहली बार एक ही टीम के साथ खेलते नजर आयेंगे। जहां हार्दिक पांड्या 5 बार की विजेता टीम मुंबई इंडियंस के लिये खेलते नजर आये थे तो वहीं पर राशिद खान सनराइजर्स हैदराबाद के लिये खेला करते थे। हार्दिक पांड्या को मुंबई की टीम ने 2015 में 10 लाख रुपये देकर अपने खेमे से जोड़ा था, तो वहीं पर 2018 में मुंबई की टीम ने उन्हें 11 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। वहीं शुबमन गिल भी केकेआर के बाद पहली बार किसी दूसरी टीम के लिये खेलते हुए नजर आयेंगे।

लखनऊ के कप्तान बनें राहुल, जानें कितने पैसों में खरीदा
वहीं लखनऊ की फ्रैंचाइजी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से नीलामी से पहले चुने गये तीनों खिलाड़ियों के नाम का ऐलान किया है। लखनऊ ने अपनी फ्रैंचाइजी के लिये केएल राहुल को अपनी टीम की कमान सौंपी हैं तो वहीं पर ऑस्ट्रेलिया के हरफनमौला खिलड़ी मार्कस स्टॉयनिस और युवा भारतीय स्पिनर रवि बिश्नोई को भी अपनी टीम के साथ जोड़ा है। लखनऊ की टीम ने केएल राहुल को 17 करोड़ रुपये की रकम देकर अपने खेमे में शामिल किया है तो वहीं पर मार्कस स्टॉयनिस को 9.2 करोड़ की रकम देकर टीम में शामिल किया है। भारतीय टीम के युवा स्पिनर रवि बिश्नोई को 4 करोड़ रुपये देकर अपने खेमें से जोड़ा है। केएल राहुल इससे पहले पंजाब किंग्स के लिये भी 2 सीजन तक कप्तानी कर चुके हैं, वहीं बिश्नोई भी पंजाब किंग्स के बाद लखनऊ को अपनी दूसरी टीम के तौर पर ज्वाइन करेंगे। मार्कस स्टॉयनिस के लिये यह चौथी टीम होगी जिन्होंने 2015 में दिल्ली कैपिटल्स के साथ अपने करियर का आगाज किया था।

जानें किसके पर्स में बचे हैं कितने पैसे
गौरतलब है कि आईपीएल 2022 के लिये बीसीसीआई ने सभी टीमों को नीलामी से पहले 90 करोड़ की पर्स रकम दी थी, जिसमें से नीलामी से पहले दोनों टीमों को खर्च करने के लिये 34 करोड़ की राशि तय की थी, हालांकि अगर टीमों की राशि से इससे ऊपर जाती है तो उतने पैसे उनके पर्स में से कम कर दिये जायेंगे। बीसीसीआई ने दोनों नई टीमों को 3 खिलाड़ियों के लिये (15 करोड़, 12 करोड़ और 7 करोड़) 34 करोड़ रुपये तय किये थे जिसमें से टीमें अधिकतम एक विदेशी प्लेयर के साथ जा सकती थी। ऐसे में जहां लखनऊ की टीम के पास 58 करोड़ रुपये की राशि बची है तो वहीं पर अहमदाबाद की टीम के पास 52 करोड़ रुपये बचे हैं। पंजाब किंग्स की टीम के पर्स में 72 करोड़,सनराइजर्स हैदराबाद के पास, 68 करोड़, राजस्थान रॉयल्स के पास 62 करोड़, आरसीबी की टीम के पासे 57 करोड़, मुंबई इंडियंस के पास 48 करोड़, सीएसके के पास 48 करोड़, केकेआर के पास 48 करोड़ और दिल्ली कैपिटल्स के पर्स में 47.5 करोड़ रुपये बाकी रह गये हैं।












Click it and Unblock the Notifications