'उसने मेरी कई रातों की नींद उड़ा दी थी', गंभीर ने बताया आईपीएल के सबसे सफल क्रिकेटर का नाम
नई दिल्ली। दुनिया की सबसे मशहूर टी20 लीग आईपीएल का 15वां सीजन 26 मार्च से शुरू होने जा रहा है, जिसमें इस बार 10 टीमें हिस्सा लेती हुई नजर आयेंगी। इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास की बात करें तो अपने पहले सीजन के बाद से ही इस लीग में कई शानदार कप्तान देखने को मिले हैं, जिसमें महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने 10 बार प्लेऑफ खेलकर 4 बार खिताब अपने नाम करने का काम किया तो वहीं पर गौतम गंभीर की कप्तानी में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने भी सफलता का स्वाद चखा।

हालांकि आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा खिताब जीतने वाले कप्तान की बात करें तो मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा सभी को पीछे छोड़ते हुए नजर आते हैं, जिन्होंने अपने करियर का आगाज अब आईपीएल से खत्म हो चुकी टीम डेक्कन चार्जर्स से किया था। रोहित शर्मा ने डेक्कन चार्जर्स की कप्तानी वाली टीम के साथ 2009 का खिताब जीता था जिसके बाद वो मुंबई इंडियंस से जुड़े और कप्तानी करते हुए अब तक 5 खिताब जीत चुके हैं।
और पढ़ें: IND vs SL: पिंक बॉल टेस्ट से पहले क्यों रिलीज किये गये कुलदीप यादव, बुमराह ने अब किया खुलासा

इस खिलाड़ी ने गायब की मेरी रातों की नींद
आईपीएल 2022 में बतौर मेंटॉर वापसी करने से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम को 2 बार खिताब जिताने वाले पूर्व कप्तान गौतम गंभीर ने इस लीग के सबसे सफल खिलाड़ी की तारीफ की है और बताया है कि कैसे उनकी वजह से वो कई रात तक सो नहीं पाते थे।
स्टार स्पोर्टस से बात करते हुए गंभीर ने कहा,'एक कप्तान के रूप में रोहित इकलौते ऐसे खिलाड़ी थे जिसने मुझे कई रातों तक सोने नहीं दिया। न क्रिस गेल, न एबी डिविलियर्स और न ही किसी और खिलाड़ी ने मुझे कभी इतना सिरदर्द दिया लेकिन रोहित शर्मा इकलौते खिलाड़ी थे जिनकी वजह से मुझे रात को नींद नहीं आती थी। आईपीएल के इतिहास उनसे सफल कप्तान दूसरा कोई नहीं मिला है।'

केकेआर को महंगे लगे थे रोहित शर्मा
उल्लेखनीय है कि जब 2011 में नीलामी हुई तो 4 टीमों ने रोहित शर्मा में अपनी रूचि दिखायी, जहां पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की टीम ने सौरभ तिवारी के साथ जाना बेहतर समझा तो वहीं पर चेन्नई सुपर किंग्स ने मुरली विजय को अपने खेमे में शामिल किया। कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम को रोहित शर्मा काफी महंगे लगे तो वहीं पर मुंबई इंडियंस की टीम ने रोहित को अपने खेमे में शामिल कर आने वाले समय की नींव रख दी। आईपीएल 2013 के बीच सीजन में जब मुंबई खराब प्रदर्शन कर रही थी तो टीम की कमान रिकी पोंटिंग से लेकर रोहित को थमाई गई। उन्होंने लीग स्टेज पर दूसरा स्थान हासिल किया और फाइनल में चेन्नई को मात देकर पहला खिताब हासिल किया। मुंबई ने इसी सीजन हरभजन की कप्तानी में चैम्पियन्स लीग टी20 का पहला खिताब भी जीता था।
इसके बाद रोहित शर्मा नहीं रुके और मुंबई इंडियंस के लिये 2015, 2017, 2019 और 2020 में खिताब जीतने का कारनामा किया। रोहित शर्मा ने इतिहास रच दिया और आईपीएल के सबसे सफल कप्तान बन गये।

हाल ही में भारतीय कप्तान बने रोहित शर्मा
गौरतलब है कि रोहित शर्मा ने हाल ही में भारतीय टीम की कप्तानी संभाली है और सभी प्रारूपों के कप्तान बन गये हैं। वह आईपीएल 2022 में मुंबई इंडियंस की कमान संभालते नजर आयेंगे जिसका आयोजन 26 मार्च से 29 मई के बीच खेला जाना है। इस दौरान लीग स्टेज में 70 मैच खेले जायेंगे। आईपीएल से पहले रोहित शर्मा बतौर कप्तान शनिवार को बेंगलुरू में अपना पहला डे नाइट टेस्ट मैच खेलते नजर आयेंगे।












Click it and Unblock the Notifications