GT vs RR: फाइनल मैच में फर्ग्यूसन ने फेंकी IPL इतिहास की दूसरी सबसे तेज गेंद, तोड़ा उमरान मलिक का रिकॉर्ड
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का फाइनल मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर खेला जा रहा है, जहां पर खिताब जीतने की जंग में राजस्थान रॉयल्स की टीम गुजरात टाइटंस का सामना करने उतरी है। 14 साल बाद दूसरी बार खिताब जीतने का सपना पूरा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की टीम ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और बिना कोई बदलाव के उतरी, वहीं पर पहले गेंदबाजी करने की चाहत रखने वाली गुजरात टाइटंस की टीम इस मैच में एक बदलाव के साथ उतरी है।

गुजरात टाइटंस की टीम ने इस मैच के लिये अपने तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ को बाहर बिठाकर उनकी जगह लॉकी फर्ग्यूसन को खिलाया है, जिन्होंने इस मैच के पहले ही ओवर में इतिहास रच दिया और इस सीजन की सबसे तेज गेंद फेंकने का कारनामा किया। आमतौर पर आईपीएल के इतिहास में देखा गया है कि जब भी कोई गेंदबाज सबसे तेज गेंद फेंकता है तो उसका हश्र बाउंड्री के रूप में सामने आता है।

फर्ग्यूसन ने फेंकी सीजन की सबसे तेज गेंद
हालांकि लॉकी फर्ग्यूसन की इस गेंद पर ऐसा देखने को नहीं मिला और उन्होंने परफेक्ट यॉर्कर के साथ आईपीएल 2022 की सबसे तेज गेंद फेंकी। लॉकी फर्ग्यूसन पारी के 5वें ओवर में अपना पहला ओवर फेंकने आये, जिन्होंने तीसरी गेंद 154 की स्पीड से फेंकी तो वहीं पर अगली गेंद 153 किमी प्रति घंटे की गति से फेंकी। फर्ग्यूसन अपनी गति के लिये जरूर जाने जाते हैं लेकिन इस बात का शायद ही किसी को अंदाजा था कि वो इस सीजन की सबसे तेज गेंद फेंकने वाले हैं। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर लॉकी फर्ग्यूसन ने 157.3 किमी प्रति घंटे की गति से गेंद फेंककर इस रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया।

फर्ग्यूसन ने तोड़ा उमरान मलिक का रिकॉर्ड
इस गेंद के साथ फर्ग्यूसन न सिर्फ आईपीएल 2022 की सबसे तेज गेंद फेंकने वाले बॉलर बनें बल्कि आईपीएल इतिहास की दूसरी सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड उमरान मलिक के नाम था जिन्होंने इसी सीजन 157 किमी प्रति घंटे की स्पीड से गेंद फेंकी थी और आईपीएल इतिहास में सबसे तेज गेंद फेंकने वाले दूसरे बॉलर बने थे, हालांकि फर्ग्यूसन ने अब यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। आईपीएल इतिहास की सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड शॉन टेट के नाम है जिन्होंने राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए साल 2011 में दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ 157.73 की स्पीड से गेंद फेंकी थी।

टॉप 5 में शामिल हैं तीन गेंदबाज
लॉकी फर्ग्यूसन इस रिकॉर्ड को तोड़ने से बेहद करीब से छूट गये हैं लेकिन 157.3 किमी की गति से अब वो दूसरे पायदान पर पहुंच गये हैं। इस फेहरिस्त में उमरान मलिक 157 किमी प्रति घंटे की स्पीड से तीसरे पायदान पर पहुंच गये हैं, जबकि एनरिच नॉर्खिया ने आईपीएल 2020 में 156.22 की गति से गेंद फेंककर चौथा पायदान अपने नाम किया हुआ है। इस लिस्ट में उमरान मलिक 156 किमी प्रति घंटे की स्पीड के साथ पांचवे पायदान पर भी काबिज हैं।












Click it and Unblock the Notifications