IPL 2022: धोनी और ऋषभ पंत के बीच क्या है समानता, शेन वॉटसन ने गिनायी दोनों की खूबियां
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का आगाज होने में बस 3 दिन का समय बाकी रह गया है, जिसका पहला मैच चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला जायेगा तो वहीं पर दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस की टीम दूसरे मैच में एक दूसरे के खिलाफ खेलती नजर आयेगी। दिल्ली कैपिटल्स की टीम में इस सीजन कई सारे नये खिलाड़ियों का आगमन हुआ है तो वहीं पर सीएसके के पूर्व बल्लेबाज और ऑस्ट्रेलिया के हरफनमौला खिलाड़ी शेन वॉटसन की आईपीएल में वापसी हुई है।

शेन वॉटसन इस सीजन दिल्ली कैपिटल्स के सहायक कोच के रूप में शामिल हुए हैं और इस सीजन दिल्ली की टीम को खिताब जिताने में मदद करते नजर आयेंगे। सीएसके में धोनी के साथ अपना समय बिता चुके शेन वॉटसन अब ऋषभ पंत के टैलेंट में बढ़ावा करते नजर आयेंगे। इस बीच वॉटसन ने भारतीय क्रिकेट टीम के इन दो दिग्गज क्रिकेटर्स की तुलना पर अपनी राय रखी है।
और पढ़ें: ICC Rankings: टेस्ट रैंकिंग में बाबर आजम ने लगाई लंबी छलांग, टॉप 5 हुए शामिल

लोगों को पसंद आता है बेवजह तुलना करना
शेन वॉटसन ने साल 2018 में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ खेलना शुरू किया था और 2020 में सीएसके के खराब सीजन के बाद संन्यास का ऐलान कर दिया था। अब वो ऋषभ पंत के साथ काम करते नजर आयेंगे। ऋषभ पंत के डेब्यू करने के बाद से ही उनकी तुलना धोनी से होती रही है, जिन्होंने अपने शुरुआती करियर में ही धोनी के कई रिकॉर्ड तोड़ दिये हैं और माना जा रहा है कि वो भविष्य में भारतीय टीम के कप्तान बन सकते हैं।
वॉटसन ने दोनों खिलाड़ियों के बीच होने वाली तुलना पर अपना राय देते हुए कहा कि जब आप दो खिलाड़ियों के बीच तुलना करते हैं तो आम लोगों के बीच यह काफी अच्छा नजर आता है, लेकिन सच तो यह है कि स्किल सेट के मामले में दोनों खिलाड़ी एक दूसरे से काफी अलग हैं। दोनों खिलाड़ियों के बीच की तुलना तभी की जा सकती है जब यह दुनिया पूरी तरह से परफेक्ट हो। इस दौरान वॉटसन ने दोनों खिलाड़ियों के स्किल्स की जमकर तारीफ भी की।

धोनी से काफी मिलता है पंत का यह गुण
शेन वॉटसन ने ऋषभ पंत की कप्तानी की तारीफ करते हुए कहा कि वो जिस तरह से मैदान पर शांत रहकर गेम चलाते हैं वो काफी हद तक धोनी की याद दिलाता है। वॉटसन ने इस दौरान पंत की बतौर बल्लेबाज हासिल की गई उपलब्धियों की जमकर तारीफ की तो वहीं पर कोच रिकी पोंटिंग को भी युवा खिलाड़ियों और कप्तान को तराशने पर सराहा।
वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए वॉटसन ने कहा,'यह उन चीजों में से है जिसे फैन करना पसंद करते हैं। आप सेब की तुलना सेब से कर सकते हैं, लेकिन हर आदमी दूसरे से अलग होता है, फिर वो सोच हो या फिर स्किलसेट। हां अगर यह दुनिया परफेक्ट होती तो हम धोनी और ऋषभ पंत के बीच तुलना कर सकते है, लेकिन वो दोनों एक दूसरे से बतौर क्रिकेटर और बतौर इंसान काफी अलग है। दोनों के पास काफी अच्छे स्किल्स हैं और बतौर कप्तान दोनों ही काफी शांत रहते हैं।'

छोटी उम्र में पंत ने हासिल की बड़ी उपलब्धि
शेन वॉटसन ने ऋषभ पंत की तारीफ करते हुए कहा कि अगर आप उसकी कप्तानी को हटा दें तो अपने स्किल के दम पर उसने छोटी सी उम्र में काफी कुछ हासिल किया है। यहां से ऋषभ की बल्लेबाजी सिर्फ बेहतर ही हो सकती है। वह अपने अनुभव से सीखकर सिर्फ आगे बढ़ सकते हैं। रिकी पोंटिंग उन सबसे बेहतरी कप्तानों में से एक थे जिनके अंडर मैं खेला हूं और वो जानते हैं कि किसी खिलाड़ी से उसका बेस्ट कैसे निकाला जाये। तो उनके आस पास होते हुए ऋषभ का भविष्य उज्जवल है। ऋषभ पंत अपने आपका बेस्ट वर्जन बन सकते हैं। इसके अलावा लोग धोनी और पंत के बीच की तुलना अपनी मर्जी से करते हैं। पंत के लिये खुद के वर्जन को बनाये रखना जरूरी है।












Click it and Unblock the Notifications