ICC Rankings: टेस्ट रैंकिंग में बाबर आजम ने लगाई लंबी छलांग, टॉप 5 हुए शामिल
नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच खेली जा रही 3 मैचों की टेस्ट सीरीज में पाक कप्तान बाबर आजम ने शानदार प्रदर्शन किया है। सीरीज के पहले दो मैचों ड्रॉ रहे हैं जबकि तीसरा मैच लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम मैच में खेला जा रहा है। इस बीच अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल ने बल्लेबाजों की टेस्ट रैंकिंग जारी की है, जिसमें बाबर आजम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनकी शानदार पारियों का इनाम मिला है। सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच में बाबर आजम ने चौथी पारी में 196 रनों की पारी खेलकर न सिर्फ अपनी टीम को हार से बचाया बल्कि आखिरी पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज कप्तान बने।

बाबर आजम ने करांची टेस्ट के दौरान 425 गेंदों का सामना किया और 196 रनों की पारी खेली और मैच को ड्रॉ कराया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इन अहम पारी के चलते ताजा आईसीसी रैंकिंग में बाबर आजम को 3 पायदान का फायदा हुआ है और अब वो टेस्ट रैंकिंग में टॉप 5 खिलाड़ियों में शामिल हो गये हैं।
और पढ़ें: 'इस बार दमदार नहीं है दिल्ली कैपिटल्स की टीम', पूर्व भारतीय ओपनर ने जारी की चेतावनी

टॉप 5 में शामिल हुए बाबर आजम
पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम अब आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में 5वें पायदान पर पहुंच गये हैं। वहीं ऑस्ट्रेलिया के लिये लगातार अच्छी पारियां खेल रहे मार्नस लाबुशाने ने अपना पहला पायदान बरकरार रखा है, वहीं पर जो रूट ने वेस्टइंडीज के खिलाफ लगायी शतकीय पारियों के दम पर दूसरा पायदान बरकरार रखा है। पाकिस्तान के खिलाफ अर्धशतकीय पारियां खेलने वाले स्टीव स्मिथ को भी आईसीसी रैंकिंग में फायदा हुआ है और अब वो तीसरे पायदान पर पहुंच गये हैं जबकि केन विलियमसन चौथे पायदान पर काबिज हैं।

रिजवान को भी हुआ रैंकिंग में फायदा
पाकिस्तान के लिये इस मैच की पहली पारी में मोहम्मद रिजवान और ऑस्ट्रेलिया के लिये उस्मान ख्वाजा (160) ने शतकीय पारियां खेली जिसका फायदा उनकी टेस्ट रैंकिंग में भी देखने को मिला है। मोहम्मद रिजवान ने 6 पायदान की छलांग लगायी है और अब 11वें पायदान पर पहुंच गये हैं। वहीं पर उस्मान ख्वाजा 11 पायदान की छलांग लगाते हुए 13वां स्थान हासिल कर लिया है। आईसीसी की टेस्ट रैंकिंग में वेस्टइंडीज के कप्तान क्रेग ब्रैथवेट को भी फायदा हुआ है, जिन्होंने 16 पायदान की छलांग लगाई है और अब 27वें पायदान पर पहुंच गये हैं। ब्रेथवेट ने बारबाडोस टेस्ट की पहली पारी में 160 रन बनाये तो वहीं दूसरी पारी में नाबाद 56 रन बनाकर टीम को हार से बचाया।

पैट कमिंस को भी हुआ एक पायदान का फायदा
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस को भी आईसीसी की ऑलराउंडर रैंकिंग में फायदा हुआ है और अब वो 8वें पायदान पर पहुंच गये हैं। पैट कमिंस ने करांची टेस्ट में 3 विकेट हासिल किये तो वहीं पर नाबाद 34 रन भी बनाये। वहीं बारबाडोस टेस्ट के बाद जेसन होल्डर दूसरे पायदान पर पहुंच गये हैं, जिन्होंने मैच में सिर्फ एक विकेट हासिल किया और उन्होंने 12 रन बनाये। पाकिस्तान के शाहीन शाह अफरीदी को भी एक पायदान का नुकसान हुआ और वो छठे पायदान पर खिसक गये हैं। शाहीन शाह अफरीदी ने करांची टेस्ट में सिर्फ 2 विकेट हासिल किये।

डिकॉक को हुआ फायदा
आईसीसी ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे रैंकिंग की लिस्ट को जारी किया है, जिसमें साउथ अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक ने एक पायदान की छलांग लगाई है और अब तीसरे पायदान पर पहुंच गये हैं। डिकॉक ने बांग्लादेश के खिलाफ 41 गेंदों में 62 रनों की पारी खेली थी। वहीं दूसरे मैच में 5 विकेट हासिल करने वाले कगिसो रबाडा को भी फायदा हुआ है और वो टॉप 10 बॉलर्स में शामिल हो गये हैं। कगिसो रबाडा गेंदबाजों की रैंकिंग में 8वें पायदान पर पहुंच गये हैं।












Click it and Unblock the Notifications