DC vs MI: कहां हुई मुंबई इंडियंस की टीम से गलती, ललित यादव ने दिल्ली के लिये मुंह से छीनी जीत
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का आगाज हो चुका है, जिसके दूसरे ही मैच में फैन्स को एक बेहतरीन थ्रिलिंग मैच देखने को मिला। मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच बर्बान के मैदान पर खेले गये इस मैच में मुंबई इंडियंस की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और पहले बल्लेबाजी करते हुए 177 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और लगातार विकेट खोने की वजह से ऐसा लग रहा था कि मुंबई इंडियंस की टीम इस मैच में जीत हासिल कर लेगी।

हालांकि जब मैच का नतीजा आया तो सभी हैरान रह गये क्योंकि हार की तरफ बढ़ रही दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने 10 गेंद पहले ही इस लक्ष्य को हासिल कर लिया और 4 विकेट से मैच को अपने नाम किया। फैन्स को भले ही मैदान पर एक रोमांचक मैच देखने को मिला हो लेकिन कप्तान रोहित शर्मा के लिये ये निराशाजनक रहा क्योंकि उनकी टीम 80 प्रतिशत समय तक मैच में आगे थी, तो ऐसे में उनकी टीम से कहां गलती हुई जो दिल्ली की टीम ने उनके मुंह से जीत को छीन लिया।
और पढ़ें: 3 मौके जब भारत के लिये विलेन साबित हुई नो बॉल, आईसीसी खिताब से किया दूर

अक्षर पटेल-ललित यादव ने दिल्ली के लिये पलटा मैच
मुंबई इंडियंस की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 177 रनों का स्कोर खड़ा किया और जीत के लिये 178 रनों का लक्ष्य रखा। मुंबई की टीम ने जबरदस्त शुरुआत करते हुए पावरप्ले के अंदर दिल्ली कैपिटल्स के 3 विकेट हासिल कर लिये और दिल्ली की टीम को महज 40 रन पर रोक दिया। बीच के ओवर्स में भी मुंबई ने अच्छी गेंदबाजी की और 10 ओवर की समाप्ति तक 5 विकेट हासिल कर लिये और दिल्ली की टीम सिर्फ 72 रन ही खड़ा कर सकी थी। यहां से दिल्ली को जीत के लिये 10.5 रन प्रति ओवर की दरकार थी। शार्दुल ठाकुर ने यहां पर तेजी से बल्लेबाजी करते हुए 11 गेंदों में 22 रन जोड़े और 32 रनों की साझेदारी की तो वहीं पर ललित यादव (48) और अक्षर पटेल (38) ने 30 गेंदों में नाबाद 75 रनों की साझेदारी कर टीम को जीत दिला दी। दिल्ली की टीम के लिये ललित यादव और अक्षर पटेल ने मैच पलटने का काम किया और अपनी टीम को जीत दिलायी।

जसप्रीत बुमराह की खराब फॉर्म मुंबई को पड़ी भारी
मुंबई इंडियंस की टीम के लिये भले ही उसके गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 विकेट हासिल कर लिये थे लेकिन उसके मुख्य गेंदबाज जसप्रीत बुमराह आज फॉर्म में नजर नहीं आये जिसका खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा। बुमराह इस मैच में न सिर्फ विकेट निकाल पाने में नाकाम साबित हुए बल्कि अपने 4 ओवर के स्पेल में खूब सारे रन लुटाये, जिसने दिल्ली की टीम की जीत को आसान बना दिया। जसप्रीत बुमराह ने 3.2 ओवर की गेंदबाजी में 12.90 की इकॉनमी से 43 रन लुटाये और यही गेंदबाजी मुंबई पर भारी पड़ी।

बेहद महंगे साबित हुए डैनियल सैम्स
मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी में एक और गेंदबाज बहुत महंगा साबित हुआ जिसने अपने 4 ओवर्स के स्पेल में 14.20 की औसत से 57 रन दे डाले। इस दौरान जब उन्हें मैच का 18वां ओवर फेंकने के लिये बुलाया गया तो पहले अक्षर पटेल ने छक्का लगाकर उनका स्वागत किया तो वहीं ललित यादव ने एक छक्का और एक चौका लगाया। डैनियल सैम्स के इस ओवर को अक्षर पटेल ने छक्का लगाकर खत्म किया और एक ओवर से 24 रन बटोरे।

अक्षर पटेल को दिया जीवनदान
मुंबई इंडियंस की टीम ने सिर्फ खराब गेंदबाजी ही नहीं बल्कि फील्डिंग में भी खराब प्रदर्शन किया और दिल्ली के हरफनमौला खिलाड़ी अक्षर पटेल को वो जीवनदान दे दिया जिसने मुंबई इंडियंस की टीम को हार की ओर धकेल दिया। 16 ओवर के बाद दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने 6 विकेट खोकर 137 रन बना लिये थे और उसे जीत के लिये 24 गेंद में 40 रन की दरकार थी। दिल्ली के लिये यहां पर अक्षर पटेल अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे लेकिन बासिल थंपी की पहली ही गेंद पर कैच का मौका बना और डेविड उसे छोड़ बैठे। अक्षर पटेल को यहां पर सिर्फ कैच से ही जीवनदान नहीं बल्कि एक रन चुराने के चक्कर में वो लगभग रन आउट हो गये थे लेकिन बासिल थंपी थ्रो को पकड़ नहीं पाये और पटेल एक ही गेंद पर दो बार आउट होने से बच गये। मुंबई की टीम को यह कैच छोड़ना भारी पड़ा और उन्होंने अगली 6 गेंद में 22 रन ठोंककर अपनी टीम को जीत दिला दी।












Click it and Unblock the Notifications