IPL 2022 के पूरे सीजन से बाहर हुए दीपक चाहर, क्या फिर भी बिना खेले मिलेंगे पूरे 14 करोड़
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन के 25 मैच खेले जा चुके हैं, जिसमें मुंबई इंडियंस को छोड़कर ज्यादातर टीमों ने अपने जीत के खाते को खोलकर कम से कम 2 अंक हासिल कर लिये हैं। हालांकि आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा बार खिताब जीतने वाली दो टीमें चेन्नई सुपर किंग्स (4 बार) और मुंबई इंडियंस (5 बार) की टीमें अंकतालिका में सबसे नीचे (9वें और 10वें) पायदान पर बनी हुई हैं। जहां मुंबई इंडियंस की टीम पहले 5 मैचों में लय हासिल नहीं कर पाई है तो वहीं पर चेन्नई सुपर किंग्स की टीम अपने तेज गेंदबाज दीपक चाहर को मिस कर रही है, जिसके चलते उसे 5 में से 4 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है।

हालांकि सीएसके के लिये अब उनके इस सीजन खेलने की उम्मीद भी खत्म हो गई है। शुक्रवार को आईपीएल की ओर से जारी की गई प्रेस रिलीज में इस बात की जानकारी दी गई है कि दीपक चाहर आधिकारिक रूप से पूरे सीजन के लिये बाहर हो गये हैं।
और पढ़ें: SRH vs KKR: हैदराबाद ने जीता टॉस, केकेआर ने 2 खिलाड़ियों को कराया डेब्यू

चोट के चलते रिहैब में आराम कर रहे थे चाहर
उल्लेखनीय है कि आईपीएल 2022 की मेगा नीलामी में चेन्नई सुपर किंग्स ने अपना बैंक अकाउंट खोलते हुए 14 करोड़ रुपये खर्च कर दिये और उन्हें वापस अपनी टीम में शामिल किया। हालांकि दीपक चाहर उस समय भारतीय टीम के लिये वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज खेल रहे थे जिसके आखिरी मैच में उनके क्वाडरिसैप्स में चोट आ गई और वो आईपीएल के शुरुआती मैचों से बाहर हो गये। इस दौरान वो नेशनल क्रिकेट अकादमी में रहकर रिहैब से गुजर रहे थे, हालांकि कुछ दिन पहले उन्हें रिहैब के दौरान बैक इंजरी आ गई जिसकी वजह से अब वो पूरे सीजन के लिये बाहर हो गये हैं।

क्या फिर भी मिलेगी आईपीएल की पूरी फीस
इस दौरान फैन्स के बीच एक बड़ा सवाल उठ रहा है कि दीपक चाहर बिना कोई मैच खेले पूरे सीजन से बाहर हो गये हैं, ऐसे में क्या उन्हें 14 करोड़ रुपये की सैलरी मिलेगी या नहीं। बता दें कि अगर सीजन के बीच में कोई खिलाड़ी चोटिल होता है और टूर्नामेंट से बाहर हो जाता है तो फ्रैंचाइजी उसके करार की कुछ राशि देती है, जिसके लिये बीमा भी कराया जाता है और वहीं से पैसे रिकवर किये जाते हैं। लेकिन दीपक चाहर तो सीजन के लिये सीएसके के खेमे से जुड़े भी नहीं हैं तो ऐसे में क्या उन्हें आईपीएल की 14 करोड़ की पूरी सैलरी दी जायेगी और बीसीसीआई की तरफ से ऐसी अनचाही परिस्थितियों में क्या कदम उठाये जा सकते हैं।

बिना एक गेंद फेंके कमायेंगे 14 करोड़
गौरतलब है कि दीपक चाहर बीसीसीआई की तरफ से सेंट्रल कॉन्ट्रैक्टेड खिलाड़ी हैं और बोर्ड की तरफ से 2022 के लिये दिये गये सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में ग्रेड सी कैटेगरी के तहत खिलाड़ियों में शामिल हैं। जिसका मतलब है कि उन्हें आईपीएल के इस सीजन की पूरी सैलरी दी जायेगी भले ही पूरे सीजन के लिये उपलब्ध नहीं थे। बीसीसीआई ने सेंट्रल करार से संबंधित खिलाड़ियों के लिये एक अलग इन्शयोरेंस पॉलिसी ले रही है जिसके तहत अगर कोई खिलाड़ी चोट की वजह से हिस्सा नहीं बन पाता है तो उसे पूरी सैलरी मिलती है। यह नियम आईपीएल 2011 के सीजन के बाद टूर्नामेंट में जारी किया गया था।

जानें क्या कहता है बीसीसीआई का नियम
नियम के अनुसार अगर कोई गैर करार संबंधी खिलाड़ी चोटिल होता है और पूरे सीजन एक भी मैच नहीं खेलता है तो उसे कोई पैसा नहीं दिया जाता है। वहीं अगर करार संबंधी खिलाड़ी सीजन के दौरान चोटिल होकर बाहर हो जाता है तो उसे आईपीएल सीजन की फीस का आधा हिस्सा फ्रैंचाइजी देती है तो वहीं आधी राशि बीसीसीआई की तरफ से दिया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications