IND vs IRE: भारतीय महिला टीम ने दर्ज की वनडे इतिहास में अपनी बड़ी जीत, आयरलैंड को बुरी तरह चटाई धूल
Ind vs Ire: भारतीय महिला टीम ने राजकोट में खेले गए तीसरे और अंतिम एकदिवसीय मैच में आयरलैंड की टीम को बुरी तरह पटखनी देते हुए धमाका कर दिया। भारतीय टीम ने बड़े अंतर से जीत हासिल की और एकदिवसीय सीरीज में आयरिश टीम को क्लीन स्वीप कर दिया।
भारतीय महिलाओं ने एकदिवसीय इतिहास में रनों के हिसाब से अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज करते हुए इतिहास रच दिया। इस वनडे मैच में पहले ही कई रिकॉर्ड बने थे। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 435 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया।

भारतीय टीम के लिए स्मृति मंधाना ने धमाकेदार अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 70 गेंदों में ही रिकॉर्ड शतक जमा दिया। मंधाना ने महिला क्रिकेट में भारत के लिए सबसे तेज एकदिवसीय शतक जड़ने का कीर्तिमान बना दिया। उन्होंने 80 गेंदों में ही 135 रन जमा दिए।
उनके अलावा भारत की युवा ओपनर प्रतीका रावल ने भी सैकड़ा जमा दिया। रावल ने टिककर खेलते हुए 154 की पारी खेली। उधर ऋचा घोष ने फिफ्टी जड़ते हुए टीम इंडिया को 435 तक पहुंचा दिया। वनडे में पुरुष और महिला दोनों कैटेगरी में भारत का यह अब तक का सर्वोच्च स्कोर है।
जवाबी पारी में बल्लेबाजी करते हुए आयरिश टीम ने एक के बाद एक विकेट गंवाए। बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए आयरलैंड की टीम काफी दबाव में थी। सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज साराह फ़ोर्ब्स थीं। उनके बैट से 41 रनों की पारी देखने को मिली।
अन्य बल्लेबाज फ्लॉप रहीं और टीम 131 रनों के कुल स्कोर पर ही आउट हो गई। भारत के लिए दीप्ति शर्मा ने अच्छी गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट अपने नाम किये। उनके अलावा तनुजा कंवर के खाते में भी कुल 2 विकेट आए। टीम इंडिया ने शुरुआती दो मैचों में जीत दर्ज करते हुए पहले ही सीरीज पर कब्जा जमा लिया था, अब क्लीन स्वीप कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications