'सही टाइम का इंतजार करो', अनुराग ठाकुर ने बंद की PCB चीफ रमीज राजा की बोलती
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के प्रमुख रमीज राजा ने ऐसे मौके कम ही छोड़े हैं जहां पर उनको भारतीय क्रिकेट टीम का खिल्ली उड़ाने का मौका मिले। जब से बीसीसीआई सचिव और एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के अध्यक्ष जय शाह ने कहा है कि एशिया कप पाकिस्तान की जगह पर किसी न्यूट्रल जगह पर होगा क्योंकि भारत इसके लिए पाकिस्तान नहीं जाएगा, तब से रमीज और ज्यादा बौखला गए हैं। रमीज ने अपना रुख स्पष्ट किया कि अगर भारत एशिया कप के लिए नहीं आता है तो पाकिस्तान 2023 में वनडे विश्व कप के लिए भारत की यात्रा नहीं करेगा।

रमीज राजा की धमकी
शुक्रवार को उर्दू न्यूज से बात करते हुए रमीज ने कहा, "अगर पाकिस्तान अगले साल भारत में होने वाले विश्व कप में हिस्सा नहीं लेता है, तो इसे कौन देखेगा? हमारा स्टैंड साफ है: अगर भारतीय टीम यहां आती है तो हम वर्ल्ड कप के लिए जाएंगे। अगर वे नहीं आते हैं तो हमारे बिना विश्व कप खेल सकते हैं। हम आक्रामक रुख अपनाएंगे। हमारी टीम प्रदर्शन दिखा रही है। मैंने हमेशा कहा है कि हमें पाकिस्तान क्रिकेट की अर्थव्यवस्था में सुधार करने की जरूरत है और यह तभी हो सकता है जब हम अच्छा प्रदर्शन करें। 2021 के टी20 वर्ल्ड कप में हमने भारत को हरा दिया। टी20 एशिया कप में हमने भारत को हराया। एक साल में पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने एक बिलियन डॉलर टीम को दो बार हराया।"
Recommended Video

भारत खेल की दुनिया में एक बड़ी ताकत है
रमीज के कमेंट पर भारत के खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने एक कड़ा संदेश देते हुए कहा कि कोई भी देश भारत को नजरअंदाज नहीं कर सकता। हम खेल में एक ताकत हैं।
उन्होंने कहा, "सही समय का इंतजार करो। भारत खेल की दुनिया में एक बड़ी ताकत है और कोई भी देश भारत की अनदेखी नहीं कर सकता है।
रमीज की टिप्पणी पर बीसीसीआई ने अब तक कोई बयान नहीं दिया है और ना ही एशियन क्रिकेट काउंसिल पर जय शाह द्वारा एशिया कप न्यूट्रल कराने की बात पर कोई मीटिंग बुलाई है।

हम अगले साल भी वर्ल्ड कप के मेजबान होंगे और सभी टीमें इसमें खेलेंगी
इससे पहले अनुराग ठाकुर अक्टूबर में भी कह चुके हैं कि ये बीसीसीआई का इंटरनल मामला है और ये मुद्दे को अच्छे तरीके से हैंडल कर लेगा। हमने कुछ गलत नहीं किया। इससे पहले हमने सफलतापूर्वक वर्ल्ड कप कराए हैं और सभी टीमों ने अच्छे से भागीदारी भी की है। हम अगले साल भी वर्ल्ड कप के मेजबान होंगे और सभी टीमें इसमें खेलेंगी।
बता दें 2023 वनडे वर्ल्ड कप ऐसा टूर्नामेंट होगा जो पूरी तरह से भारत में आयोजित होगा। इससे पहले 1987 का वर्ल्ड कप पाकिस्तान के साथ, 1999 का वर्ल्ड कप श्रीलंका और पाकिस्तान के साथ, 2011 का वर्ल्ड कप श्रीलंका और बांग्लादेश के साथ भारत ने आयोजित किया है।












Click it and Unblock the Notifications